फहीम के घर पर एके-47 से हमले में अब 28 को आएगा फैसला
धनबाद में गैंगस्टर फहीम खान के घर पर 2004 में हुई अंधाधुंध फायरिंग का फैसला बुधवार को टल गया। तनवीर आलम की गैर-हाजिरी के कारण कोर्ट ने 28 सितंबर को फिर से फैसला सुनाने का निर्देश दिया। इस मामले में फहीम के दुश्मनों पर ट्रायल चल रहा है।

धनबाद, प्रतिनिधि। गैंगस्टर फहीम खान के घर पर 2004 में एके-47 से हुई अंधाधुंध फायरिंग में बुधवार को आने वाला फैसला टल गया। पटना के कथित शूटर तनवीर आलम की गैर-हाजिरी के कारण कोर्ट ने फैसला नहीं सुनाया। जिला व सत्र न्यायाधीश तृतीय पारस कुमार सिन्हा की अदालत ने ट्रायल का सामना कर रहे तीनों आरोपियों को 28 सितंबर को अदालत में उपस्थित होने का सख्त निर्देश दिया। उसी दिन अदालत चर्चित मामले में फैसला सुनाएगी। फिलहाल, फहीम खान के दुश्मन साबिर आलम के भाई शाहिद आलम, वासेपुर निवासी शहादत हुसैन और पटना निवासी कथित शूटर तनवीर आलम के खिलाफ ट्रायल चल रहा है। तनवीर आलम बुधवार को अदालत में उपस्थित नहीं हुआ। उसकी ओर से प्रतिनिधित्व का आवेदन दाखिल किया गया था। बाकी दोनों आरोपी कोर्ट में हाजिर थे। अदालत ने आरोपियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए फैसला टालते हुए 28 सितंबर की तिथि निर्धारित की। 22 वर्ष से अधिक पुराने मामले में आरोपी बनाए गए गई लोगों की मौत हो चुकी है।
हमले में फहीम के बॉडीगार्ड की हुई थी मौत
यह मामला 29 जनवरी-2004 का है। फहीम खान के अधिवक्ता शाहबाज सलाम व अभियोजन के अनुसार उस रात वासेपुर स्थित कमर मखदूमी रोड में फहीम खान पर एके-47 समेत आधुनिक हथियारों से हमला किया गया था। हमले में फहीम खान ने पड़ोसी की छत से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई थी। फहीम के बॉडीगार्ड बिहार के अरवल निवासी विनोद शर्मा की फायरिंग में मौत हो गई थी। घटना में शाहिद के पैर में गोली लगी थी। हमले के बाद भाग रहे एक अपराधी सुल्तान को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था। पुलिस ने मौके से एके-47 की मैगजीन समेत अन्य हथियार व गोलियां बरामद की थीं। बॉलीवुड फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर में भी चर्चित घटना को फिल्माया गया था।

