नीला ड्रम कांड : फांसी के खौफ से बेचैन मुस्कान-साहिल, जेल में काउंसलिंग की तैयारी
हत्या के बाद पति सौरभ राजपूत के शव के टुकड़े छिपाने के चर्चित हत्याकांड में पत्नी मुस्कान और प्रेमी साहिल दोषी करार दिए गए हैं। जेल में दोनों के व्यवहार में बदलाव आया है, और मुस्कान को अपनी बेटी के भविष्य की चिंता है। अदालत से सजा की प्रक्रिया पर उनकी निगाहें टिकी हैं।

हत्या के बाद नीले ड्रम में पति सौरभ राजपूत के शव के टुकड़े छिपाने के चर्चित हत्याकांड में दोषी करार दिए जाने के बाद पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल की बेचैनी बढ़ गई है। अदालत के फैसले के बाद दोनों अपनी सजा को लेकर परेशान हैं। जेल में उनके व्यवहार और खानपान में आए बदलाव को देखते हुए प्रशासन उनकी काउंसलिंग कराने की तैयारी कर रहा है। मुस्कान को अपनी मासूम बेटी के भविष्य की चिंता सता रही है, तो दोनों जेल स्टाफ से बार-बार अपनी कानूनी लड़ाई और आगे की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ले रहे हैं। अब तक पेशियों के दौरान सामान्य नजर आने वाले साहिल की आंखों में भी पहली बार आंसू दिखाई दिए। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के मुताबिक, अदालत से दोषी करार दिए जाने के बाद मुस्कान और साहिल अपने बैरक में पहुंचे तो काफी परेशान थे। दोनों ने जेल प्रशासन से मुलाकात कर अपनी सजा के बारे में जानकारी मांगी। वे जानना चाहते थे कि अदालत उन्हें कौन सी सजा सुनाई जा सकती है। फांसी की आशंका को लेकर भी उनकी बेचैनी सामने आई। जेल प्रशासन ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों के अनुसार, दोनों के खानपान में भी कमी आई है। उनके व्यवहार को देखते हुए जेल स्टाफ निगरानी कर रहा है और जरूरत के मुताबिक काउंसलिंग कराने की तैयारी है。
बेटी के भविष्य के बारे में पूछा
जेल अधिकारी के अनुसार मुस्कान ने परेशानी के बीच अपनी मासूम बेटी के भविष्य को लेकर चिंता जताई। वह बच्ची को सीने से लगाए रहती है। उसने जेल अधीक्षक से पूछा कि अब उसकी बेटी का क्या होगा? जेल प्रशासन ने उसे बताया कि नियमानुसार छह साल की उम्र तक बच्ची उसके साथ जेल में रह सकती है। जानकारी मिलने के बाद मुस्कान कुछ सामान्य हुई। मुस्कान ने 29 सितंबर को अपनी मां कविता, पिता प्रमोद रस्तोगी और बड़ी बेटी पihू से मुलाकात कराने की इच्छा भी जताई थी। उसने सजा सुनाए जाने से पहले एक बार बेटी का चेहरा देखने की इच्छा जाहिर की। हालांकि, जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परिजनों को बुलाना उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं है। परिवार के सदस्य मिलने आते हैं तो नियमानुसार मुलाकात कराई जा सकती है।
पहली बार साहिल भी रोया
जेल अधिकारियों के मुताबिक, अदालत में दोषी करार दिए जाने के दौरान साहिल पहली बार रोता हुआ दिखाई दिया। इससे पहले वह पेशियों के दौरान सामान्य नजर आता था। जेल स्टाफ दोनों की गतिविधियों, खानपान और व्यवहार पर नजर रख रहा है, ताकि उनकी स्थिति के अनुसार जरूरी कदम उठाए जा सकें।
हाईकोर्ट में कौन लड़ेगा मुकदमा?
मुस्कान और साहिल के सवाल केवल सजा तक सीमित नहीं रहे। दोनों ने जेल स्टाफ से अदालत और वकील से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि जिला जज की अदालत से सजा सुनाए जाने के बाद हाईकोर्ट में उनका मुकदमा कौन लड़ेगा और क्या अधिवक्ता रेखा जैन ही उनकी पैरवी करेंगी। जेल स्टाफ ने उन्हें आगे की कानूनी प्रक्रिया और संबंधित नियमों की जानकारी दी।
बढ़ाई मुस्कान और साहिल की निगरानी
जेल प्रशासन के मुताबिक, मुस्कान और साहिल की निगरानी बढ़ाई गई है। उनकी मानसिक स्थिति, व्यवहार और खानपान पर नजर रखी जा रही है। काउंसलिंग की तैयारी भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है। फिलहाल दोनों को दूसरी जेल में शिफ्ट करने की स्थिति नहीं है और वे मेरठ जेल में ही रहेंगे। अदालत द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद अब दोनों की निगाहें सजा के ऐलान और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर टिकी हैं।

