मुस्कान और साहिल को फांसी या आजीवन कारावास, चर्चा जोरों पर
चर्चित सौरभ हत्याकांड में मुस्कान और साहिल को दोषी ठहराए जाने के बाद अदालत के फैसले का सभी को इंतजार है। मृतक के परिवार ने दोषियों के लिए फांसी की मांग की है, जबकि अधिवक्ताओं में सजा को लेकर विभिन्न राय है। कुछ का मानना है कि यह 'रेस्ट ऑफ द रेयरेस्ट' केस है, जबकि अन्य उम्रकैद की संभावना बता रहे हैं।

चर्चित सौरभ हत्याकांड में मुस्कान और साहिल को दोषी ठहराए जाने के बाद अब हर किसी की निगाहें अदालत के फैसले पर टिकी हुई हैं। इस सनसनीखेज मामले में सजा को लेकर कचहरी के अधिवक्ताओं और आम जनता के बीच जोरदार चर्चा छिड़ गई है कि आरोपियों को फांसी होगी या आजीवन कारावास। एक तरफ जहां अभियोजन पक्ष और मृतक सौरभ की मां व भाई ने दोषियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है, वहीं अधिवक्ताओं के बीच इस बात को लेकर कानूनी पहलुओं पर अलग-अलग राय सामने आ रही है। अभियोजन पक्ष और पीड़ित परिवार का साफ कहना है कि सौरभ के हत्यारों को फांसी के फंदे तक पहुंचाया जाना चाहिए ताकि समाज में एक कड़ा संदेश जाए। अब देखना यह होगा कि अदालत पत्रावली पर मौजूद साक्ष्यों और दोनों पक्षों की दलीलों के आधार पर क्या अंतिम फैसला सुनाती है।
प्रमुख अधिवक्ताओं के विचार और तर्क
यह मर्डर 'रेस्ट ऑफ द रेयरेस्ट' केस की श्रेणी में आता है। साक्ष्यों को छिपाने के लिए जिस प्रकार शव के टुकड़े करके ड्रम में जमाया गया, ऐसे केस में फांसी की सजा ही होनी चाहिए।
-रविंद्र सिंह, अध्यक्ष, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन मेरठ
यह 'रेस्ट ऑफ द रेयरेस्ट' केस की श्रेणी में नहीं आता। यह आशिकी के चक्कर में किया गया मर्डर है, इसमें अधिकतम उम्रकैद की ही संभावना है। दिल्ली के तंदूर कांड तक में भी फांसी नहीं हुई थी।
-अनिल बख्शी, वरिष्ठ अधिवक्ता
इस मर्डर को 'ब्रूटल मर्डर' नहीं माना जा सकता, क्योंकि हत्या करने के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव के टुकड़े किए गए थे। वैसे भी आजादी के बाद शायद ही किसी महिला को फांसी की सजा हुई हो, और चूंकि उसकी एक छोटी बच्ची भी है, ऐसी स्थिति में उम्रकैद की सजा की ही ज्यादा संभावना है।
-अनुज कुमार शर्मा, अध्यक्ष, मेरठ बार एसोसिएशन।
जिस प्रकार से मर्डर किया गया और साक्ष्य छिपाने के लिए शव के टुकड़े-टुकड़े करके ड्रम में जमाया गया, यह एक बेहद क्रूर (ब्रूटल) मर्डर है। ऐसे मामलों में फांसी की सजा ही उचित है, बाकी न्यायालय पत्रावली पर उपस्थित साक्ष्यों को देखकर जो सजा सुनाएगा, वह सर्वमान्य होगी।
-प्रमोद कुमार त्यागी, वरिष्ठ अधिवक्ता।
इस मामले में कोई भी प्रत्यक्ष (डायरेक्ट) साक्ष्य नहीं है, यह केस पूरी तरह से परिस्थितिजन्य (सरकमस्टेंशियल) साक्ष्यों पर साबित हुआ है। ऐसी स्थिति में फांसी की सजा की संभावना कम और उम्रकैद की संभावना ज्यादा है
-परवेज आलम, महामंत्री, मेरठ बार एसोसिएशन।

