मारकुंडी घाटी की खाई में दंपती के सड़े-गले शव मिले
सोनभद्र में मारकुंडी घाटी से रविवार सुबह एक दंपती के सड़े-गले शव मिले। पुलिस ने बताया कि शवों की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि उनकी मौत चार से पांच दिन पहले हुई। मृतकों राहुल और चंदा यादव की पहचान हुई है। हादसे की जांच जारी है।

सोनभद्र, संवाददाता। चोपन थाना क्षेत्र स्थित मारकुंडी घाटी में रविवार सुबह गहरी खाई से एक दंपती के सड़े-गले शव मिलने से हड़कंप मच गया। शवों के पास एक बाइक भी बरामद हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने मारकुंडी घाटी की गहरी खाई में एक महिला और एक पुरुष के शव पड़े देखे। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शव कई दिनों पुराने होने के कारण पूरी तरह सड़-गल चुके थे तथा उनमें कीड़े पड़ गए थे।
शवों की स्थिति देखकर पुलिस ने अनुमान लगाया कि दोनों की मौत करीब चार से पांच दिन पहले हुई होगी। सूचना पर गुरमा चौकी प्रभारी श्रीप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद चोपन थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और शवों के पास खड़ी मिली बाइक को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतकों की पहचान 26 वर्षीय राहुल यादव पुत्र बबुंदर यादव तथा उनकी 24 वर्षीय पत्नी चंदा यादव उर्फ इंद्रावती यादव निवासी राबर्ट्सगंज कोतवाली के बिच्छी के रूप में की है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज के मोर्चरी हाउस भेज दिया गया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता ने बताया कि अब तक की जांच में प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बाइक अनियंत्रित होकर घाटी की खाई में गिर गई, जिससे दंपती की मौत हो गई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


