20 हजार घूस लेने वाली राजस्व निरीक्षक को भेजा जेल
हिन्दुस्तान, प्रयागराज
प्रयागराज में फाफामऊ नगर निगम के जोनल कार्यालय में गृहकर कम करने के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए राजस्व निरीक्षक राधा देवी को एंटी करप्शन ब्यूरो ने गिरफ्तार किया। उन्हें जेल भेज दिया गया और नगर निगम प्रशासन ने उनके निलंबन की प्रक्रिया पूरी कर ली है।

प्रयागराज। फाफामऊ स्थित नगर निगम के जोनल कार्यालय में गृहकर कम करने के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ी गई राजस्व निरीक्षक राधा देवी को जेल भेज दिया गया। एंटी करप्शन ब्यूरो ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए राधा देवी को गिरफ्तार किया था। बुधवार को जेल भेजे जाने के बाद अब नगर निगम प्रशासन ने उनके निलंबन की प्रक्रिया पूरी की है। नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी संजय ममगई ने बताया कि राधा देवी के जेल भेजे जाने के बाद निलंबन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। गुरुवार को उन्हें औपचारिक रूप से निलंबित कर दिया जाएगा।
हालांकि, बुधवार सुबह से ही उनके निलंबन की खबर नगर निगम में चर्चा का विषय बनी रही। नगर निगम कर्मचारियों के मुताबिक राधा देवी पर पहले भी रिश्वत लेने के आरोप लगते रहे।

