भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार बुढ़मू सीओ कोर्ट में पेश, भेजा जेल
रांची के बुढ़मू में जमीन की दाखिल-खारीज करने के लिए 4.50 लाख रुपए की रिश्वत मांगने के आरोप में सीओ सचिदानंद कुमार वर्मा को गिरफ्तार कर बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार जेल भेजा गया। एसीबी की शिकायत पर कार्रवाई की गई, जिसमें अन्य दो आरोपियों को भी जेल भेजा गया।

रांची, संवाददाता। जमीन की दाखिल-खारिज करने के एवज में 4.50 लाख रुपए रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार बुढ़मू के सीओ सच्चिदानंद कुमार वर्मा को शुक्रवार को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार जेल भेज दिया गया। इससे पूर्व आरोपी सीओ को एसीबी ने एसीबी के विशेष न्यायाधीश ओंकार नाथ चौधरी की अदालत में पेश किया। पेशी के दौरान उसकी गिरफ्तारी को लेकर अदालत में बहस हुई। बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने कहा कि उनकी गिरफ्तारी सही नहीं है। रिमांड पर नहीं भेजा जाए। वहीं, एसीबी के वकील ने कानून का हवाला देते हुए कहा कि सच्चिदानंद कुमार वर्मा रिश्वत मांगने के मामले में नामजद हैं।
मामले के अन्य दो आरोपियों राजस्व कर्मचारी राजेश किशोर रवि और उसका भाई गौतम किशोर रवि को जेल भेज दिया गया है। बता दें कि एसीबी टीम ने बुधवार की रात सीओ को गिरफ्तार किया था। ब्रांबे निवासी सुबोध कुमार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसीबी को शिकायत की थी कि उन्होंने पत्नी के नाम पर एक एकड़ और दो सालियों के नाम पर 1.10-1.10 एकड़ जमीन खरीदी है। इन भूखंडों के म्यूटेशन के लिए उनसे सीओ सच्चिदानंद सिन्हा के नाम पर राजस्व कर्मचारी राजेश पैसे की मांग कर रहा था। राजेश और उसके दलाल भाई ने 90 हजार रुपए वसूला है। फिर भी लगातार पैसे की मांग की जा रही थी।


