मुख्यमंत्री से सीएमएस पर अवैध वसूली के आरोप
गाजियाबाद के एमएमजी अस्पताल के सीएमएस पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए डॉ. अमान अली ने शिकायत की है। आरोप है कि बीएएमएस डॉक्टरों से इंटर्नशिप सर्टिफिकेट के लिए 35 हजार रुपये मांगने की कार्रवाई की जा रही है। शिकायत में तीन चिकित्सकों से पैसे वसूली की बात कही गई है।

गाजियाबाद, प्रदीप वर्मा। एमएमजी अस्पताल के सीएमएस के खिलाफ भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के आरोप मुख्यमंत्री से जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता डॉ अमान अली ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में बीएएमएस डॉक्टरों से इंटर्नशिप जॉइनिंग और कम्प्लीशन सर्टिफिकेट जारी करने के नाम पर 35 हजार रुपये की मांग और वसूली की जा रही है। शिकायत में डॉ. अमान अली समेत तीन चिकित्सकों से कथित रूप से 35-35 हजार रुपये लिए जाने का उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता ने संबंधित चिकित्सकों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कराने की मांग की है। साथ ही अस्पताल के प्रशासनिक स्तर पर होने वाली वित्तीय अनियमितताओं की निगरानी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ विभागीय व कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
वही, अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर राकेश कुमार ने इन सभी आरोपी को निराधार बताया है।


