कोरोना से जंग: झारखंड समेत सात और राज्यों को दी जाएगी कोवैक्सीन, अब तक 15.37 लाख लोगों को लगा टीका
देश के 27 राज्यों में शनिवार को कोरोना टीकाकरण किया गया। शाम छह बजे तक के आंकड़ों के अनुसार कुल 146598 लोगों को टीका लगाया गया। देश में अब तक 1537190 लोगों को कोरोना टीका लगाया जा चुका...

देश के 27 राज्यों में शनिवार को कोरोना टीकाकरण किया गया। शाम छह बजे तक के आंकड़ों के अनुसार कुल 146598 लोगों को टीका लगाया गया। देश में अब तक 1537190 लोगों को कोरोना टीका लगाया जा चुका है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव डॉ. मनोहर अगनानी ने बताया कि अभी तक 12 राज्यों में कोवैक्सीन दी जा रही है। सात और राज्यों में अगले सप्ताह से कोवैक्सीन देना शुरू किया जाएगा। इनमें छत्तीसगढ़, गुजरात, झारखंड, केरल, पंजाब, मध्य प्रदेश तथा पश्चिम बंगाल शामिल हैं। इन राज्यों के टीका मैनेजरों को इसके लिए आवश्यक प्रशिक्षण शनिवार आईसीएमआर के विशेषज्ञों द्वारा दिया गया।
उन्होंने कहा कि शनिवार को 11 लोगों में दुष्प्रभाव के मामले सामने आए हैं, जो टीकाकरण का 0.0007 फीसदी है। इनमें से सिर्फ एक व्यक्ति को गुंटूर (आंप्र) के सरकारी अस्पताल में में उपचाराधीन रखा गया है।
अब तक छह मौतें
उन्होंने कहा कि अब तक देश में टीका लेने के बाद छह लोगों की मौत की सूचना मिली है। पिछले 24 घंटों के दौरान गुरुग्राम में एक 56 वर्षीया महिला की मृत्यु की सूचना मिली, लेकिन जांच में यह मामला कार्डियो पल्मनरी का पाया गया। इस प्रकार सभी छह मौतों का कोरोना टीकाकरण से कोई संबंध नहीं पाया गया है।
13 देशों को टीके भेजे गए
उन्होंने कहा कि अब तक भारत ने 13 देशों को कोरोना का टीका दिया है। इन देशों के स्वास्थ्य अधिकारियों के लिए दो दिन का प्रशिक्षण कार्यक्रम भी भारत के स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आयोजित किया गया।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


