भारत में कोरोना से ठीक होने वालों की दर 97 फीसदी, सिर्फ 1.56% आबादी कोरोना पॉजिटिव, जानें पूरे देश का हाल
देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार लगातार धीमी पड़ती जा रही है और कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या में निरंतर इजाफे से रिकवरी दर बढ़कर 97 फीसदी पर आ गई है वहीं सक्रिय मामलों में गिरावट का सिलसिला जारी...

देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार लगातार धीमी पड़ती जा रही है और कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या में निरंतर इजाफे से रिकवरी दर बढ़कर 97 फीसदी पर आ गई है वहीं सक्रिय मामलों में गिरावट का सिलसिला जारी है। इस बीच देश में अब तक 37 लाख 68 हजार 843 लोगों का कोविड-19 टीकाकरण किया जा चुका है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार की सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 11 हजार 427 नए मामले सामने आए जिससे संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ सात लाख 57 हजार से अधिक हो गया है। इसी दौरान 11 हजार 858 मरीज स्वस्थ हुए जिसके साथ कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या एक करोड़ चार लाख 34 हजार 983 हो गई है। वहीं, सक्रिय मामले 549 घटकर 1 लाख 68 हजार 235 रह गए हैं। इस दौरान देश में 118 मरीजों की कोरोना से मौत हुई और मृतकों का आंकड़ा एक लाख 54 हजार 392 हो गया है।
महाराष्ट्र में कोरोना मामलों का घटना-बढ़ना जारी
देश में रिकवरी दर बढ़कर 97 प्रतिशत और सक्रिय मामलों की दर घटकर 1.56 फीसदी रह गई है जबकि मृत्युदर अभी 1.44 प्रतिशत है। महाराष्ट्र में सक्रिय मामले घटने-बढ़ने का क्रम जारी है और पिछले दो दिन से यहां इनमें बढ़ोतरी हो रही है। बीते 24 घंटों में सबसे ज्यादा 875 सक्रिय मामले बढ़े और इनकी संख्या अब 46 हजार 312 हो गई है। इससे पहले रविवार को 1 हजार 53 सक्रिय मामले बढ़े थे। राज्य में 1670 मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 19.29 लाख हो गई है जबकि 40 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 51 हजार 82 हो गया है।
केरल में क्या है हाल?
केरल में इसी दौरान 485 सक्रिय मामले कम हुए हैं और सबसे अधिक 5730 मरीज स्वस्थ हुए हैं। राज्य में सक्रिय मामले अब 71,229 रह गये हैं, वहीं कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा बढ़कर 8.54 लाख हो गया है जबकि 21 और मरीजों की मौत से मृतकों की संख्या 3743 हो गई है। सक्रिय मामलों में केरल अभी भी पहले स्थान पर है।
दिल्ली में 75 ऐक्टिव केस कम हुए
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सक्रिय मामले 75 कम हुए हैं और इनकी संख्या अब 1361 रह गयी है। वहीं चार और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 10 हजार 853 हो गया है। दिल्ली में अब तक 6 लाख 22 हजार से अधिक मरीज कोरोनामुक्त हुए हैं।
कर्नाटक-तेलंगाना में क्या है स्थिति?
देश के दक्षिणी राज्य कनार्टक में कोरोना के सक्रिय मामले 53 बढ़कर 6 हजार 48 हो गए हैं। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 12 हजार 217 हो गया है और अब तक 9 लाख 21 हजार से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं। तेलंगाना में सक्रिय मामले घटकर 2 हजार 92 रह गये हैं और 1601 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 2 लाख 90 हजार से अधिक लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं।
आंध्र प्रदेश में 8 लाख से ज्यादा ने जीती कोरोना से जंग
आंध्र प्रदेश में सक्रिय मामले घटकर 1278 रह गए हैं। वहीं 127 मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 8 लाख 79 हजार से अधिक हो गई है जबकि 7 हजार 153 लोगों अपनी जान गंवा चुके हैं। तमिलनाडु में सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 4554 रह गयी है तथा अभी तक 12 हजार 356 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 8 लाख 21 हजार से अधिक मरीज संक्रमणमुक्त हुए हैं।
यूपी-पंजाब-बंगाल में क्या हैं हालात?
आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में सक्रिय मामले 157 कम होकर 5525 रह गए हैं। इस महामारी से 8658 लोगों की मौत हो चुकी है तथा अब तक 5 लाख 86 हजार से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं। पश्चिम बंगाल में भी कोरोना के सक्रिय मामले कम होकर 5 हजार 553 रह गए हैं और 10 हजार 173 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक 5.54 लाख से अधिक लोग स्वस्थ हुए हैं। पंजाब में सक्रिय मामले 56 घटकर 2128 हो गए हैं। यहां संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या 1.65 लाख से अधिक हो गई है जबकि 5615 मरीजों की जान जा चुकी है।
मध्य प्रदेश में 2 लाख 48 हजार से ज्यादा ठीक हुए
मध्य प्रदेश में सक्रिय मामले घटकर 2 हजार 665 रह गए हैं तथा अब तक 2.48 लाख से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 3810 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है।
वहीं, छत्तीसगढ़ में सक्रिय मामले 67 बढ़कर 4327 हो गए हैं। राज्य में 2.97 लाख से अधिक लोग कोरोनामुक्त हो चुके हैं, वहीं तीन और लोगों की इस महामारी के संक्रमण से मौत होने के साथ मृतकों की संख्या 3701 हो गई है।
गुजरात में सक्रिय मामले 3450 रह गए हैं तथा 4387 लोगों की मौत हुई है और 2.53 लाख से अधिक लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं। बिहार में सक्रिय मामले 83 घटकर 893 रह गए हैं। राज्य में कोरोना से 1501 लोगों की मौत हुई है जबकि 2.57 लाख से अधिक लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं।
कोरोना महामारी से अब तक हरियाणा में 3018, राजस्थान में 2766, जम्मू-कश्मीर में 1936, ओडिशा में 1906, उत्तराखंड में 1644, असम में 1082, झारखंड में 1072, हिमाचल प्रदेश में 979, गोवा में 768, पुड्डुचेरी में 648, त्रिपुरा में 391, मणिपुर में 371, चंडीगढ़ में 334, मेघालय में 146, सिक्किम में 134, लद्दाख में 130, नागालैंड में 88, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 62, अरुणाचल प्रदेश में 56, मिजोरम में नौ तथा दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो लोगों की मौत हुई है।
