ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशविदेशों में कारगर रहा है सैकड़ों पर छिड़काव? बरेली में मजदूरों पर स्प्रे से हुआ बवाल, जानें अन्य देशों का हाल

विदेशों में कारगर रहा है सैकड़ों पर छिड़काव? बरेली में मजदूरों पर स्प्रे से हुआ बवाल, जानें अन्य देशों का हाल

कोरोना कहर के बीच उत्तर प्रदेश के बरेली में अन्य जगहों से आए मजदूरों पर सोडियम हाइड्रोक्लोराइड केमिकल का छिड़काव किया गया। इससे कई मजदूरों की हालत खराब हो गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती तक कराना पड़ा।...

विदेशों में कारगर रहा है सैकड़ों पर छिड़काव? बरेली में मजदूरों पर स्प्रे से हुआ बवाल, जानें अन्य देशों का हाल
हिन्दुस्तान,नई दिल्लीWed, 01 Apr 2020 06:50 AM
ऐप पर पढ़ें

कोरोना कहर के बीच उत्तर प्रदेश के बरेली में अन्य जगहों से आए मजदूरों पर सोडियम हाइड्रोक्लोराइड केमिकल का छिड़काव किया गया। इससे कई मजदूरों की हालत खराब हो गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती तक कराना पड़ा। जिलाधिकारी ने साफ किया कि बसों पर छिड़काव करने को लगाए लोगों ने अतिसक्रियता में ऐसा कर दिया। वहीं दुनिया के कई देशों में सरकारों ने नागरिकों को बचाने के लिए ऐसे प्रयोग किए हैं। चीन, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, ईरान समेत कई देशों में नागरिकों पर अल्कोहल युक्त केमिकल का छिड़काव किया।
 
वुहान, 10 मार्च 2020
चीन के शहर वुहान में कोरोना वायरस से संक्रमित लोग जब इलाज के बाद लौट रहे थे तो डॉक्टर उन्हें सेनेटाइज कर रहे थे। उनके ऊपर अल्कोहलयुक्त केमिकल का छिड़काव किया जा रहा था। वुहान के वुचांग फैंग कैंग मार्कशीट अस्पताल के बाहर डॉक्टर एक मरीज पर छिड़काव करते हुए। चीन की सरकारी मीडिया के मुताबिक, इन उपायों से संक्रमण फैलने से रोकने में काफी मदद मिली।
 
मनीला, 11 मार्च 2020
फिलीपींस की राजधानी मनीला में दमकल वाहनों से कीटाणुनाशक घोल का छिड़काव किया गया। कई स्थानीय लोगों को भी सेनेटाइजर से नहलाया गया ताकि उन्हें संक्रमण से बचाया जा सके। देश में संक्रमण के मामले सामने आने के बाद राष्ट्रपति रोड्रिगो दुर्तेते ने हेल्थ इमरजेंसी का ऐलान किया था। फिर सरकार ने छिड़काव करने का आदेश दिया था।

इंडोनेशिया, 2 फररवरी 2020
इंडोनेशिया के हैंग नदीम हवाईअड्डे पर चीन से आने वाले यात्रियों पर सेनेटाइजर का छिड़काव किया गया। उन्हें नतुना आइसलैंड सैन्य अड्डे पर बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में महीनों रखा। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अल्कोहल युक्त कीटाणुनाशक का प्रयोग किया गया, यह हानिकारक नहीं था। ज्यादातर हिस्सों में पूरे महीने दवा का छिड़काव किया गया।

तेहरान, 6 मार्च 2020
ईरान की राजधानी तेहरान में बड़ी संख्या में लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। दक्षिण कोरिया और चीन से सबक लेते हुए ईरान ने भी अपने यहां सेनेटाइजर छिड़कने का आदेश दिया। ताजरिश बाजार में घरों के साथ दुकानों में सब्जियों तक पर छिड़काव किया। सरकार ने नगर निगम और दमकलकर्मियों को विशेष तौर पर लगाया था।

अन्य देशों में
फलस्तीन के हेब्रोन शहर में इजराइल से लौटे मजदूरों पर सेनेटाइजर का स्प्रे किया। किसी को परेशानी नहीं आई।
चिली के सैंटियागो में सरकारी कर्मचारियों को लगाया गया था जो कीटाणुनाशक का छिड़काव कर रहे थे।
इराक की राजधानी काबुल में लोगों के कपड़ों पर सेनेटाइजर का छिड़काव किया गया। 
वेनेजुएला के काराकस में कई दिनों तक लोगों पर अल्कोहल युक्त सेनेटाइजर का छिड़काव किया गया।
 
क्या कहता है डब्ल्यूएचओ
विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, अगर आपका शरीर पहले से ही कोरोना के संक्रमण में आ चुका है तो अल्कोहल या क्लोरीन का घोल छिड़कने से कोई फायदा नहीं होगा। ऐसे द्रव्य का छिड़काव सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। अल्कोहल पीने से भी कोई लाभ नहीं मिलेगा। अल्कोहल, क्लोरीन का प्रयोग सिर्फ सतह की सफाई के लिए करना चाहिए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें