ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देश कोरोना से किस देश में सबसे ज्यादा मरीज हुए ठीक, स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया

कोरोना से किस देश में सबसे ज्यादा मरीज हुए ठीक, स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि कोरोना रोगियों के ठीक होने के मामले में देश ने अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है। इसी के साथ भारत में कोरोना से ठीक होने वाले कोरोना मरीजों की संख्या दुनिया...

 कोरोना से किस देश में सबसे ज्यादा मरीज हुए ठीक, स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया
एजेंसी , नई दिल्लीSat, 19 Sep 2020 06:39 PM
ऐप पर पढ़ें

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि कोरोना रोगियों के ठीक होने के मामले में देश ने अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है। इसी के साथ भारत में कोरोना से ठीक होने वाले कोरोना मरीजों की संख्या दुनिया में सर्वाधिक हो गई है। देश में अब तक 42,08,431 कोरोना रोगी स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि अमेरिका में यह संख्या 41,92,774 है। भारत में दुनियाभर में संक्रमण से स्वस्थ हुए लोगों की करीब 19 प्रतिशत संख्या है। 

देश में संक्रमण से स्वस्थ होने की दर करीब 80 प्रतिशत है, जबकि कोरोना मृत्युदर घटकर 1.61 प्रतिशत रह गई है। कोरोना से ठीक होने की राष्ट्रीय दर 79.28 प्रतिशत है। देश में फिलहाल कोविड-19 के 10,13,964 मरीजों का इलाज चल रहा है जो संक्रमण के कुल मामलों का 19.10 फीसदी है। मंत्रालय के मुताबिक सुबह आठ बजे तक चौबीस घंटे में देशभर में 95,880 लोग कोरोना से मुक्त हुए।

इसी अवधि में कोरोना वायरस संक्रमण के 93,337 नए मामले सामने आए जिसके साथ कोरोना संक्रमण के कुल 53,08,014 मामले हो गए हैं। 1,247 और कोविड मरीजों की मौत के साथ महामारी से मरने वाले कुल मृतकों की संख्या बढ़कर 85,619 हो गई। मंत्रालय के अनुसार रेमडेसिविर, प्लाज्मा थेरैपी और टोसिलीजुमैब जैसी अनुसंधान आधारित पद्धतियों के तर्कसंगत इस्तेमाल की अनुमति दी गई है। इलाज के अन्य तरीकों को भी अपनाया गया है। केंद्र सरकार राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को दी जा रही सहायता की नियमित समीक्षा कर रही है।   

ठीक होने वाले करीब 60 फीसदी पांच राज्यों में :      
मंत्रालय ने कहा कि एक दिन में स्वस्थ होने वाले मामलों में से करीब 60 फीसद मामले पांच राज्यों- महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक तथा उत्तर प्रदेश से आए हैं। इन्हीं पांच राज्यों में संक्रमण के सर्वाधिक मामले भी आए हैँ। महाराष्ट्र में एक दिन में 22 हजार से अधिक लोग (23 प्रतिशत) स्वस्थ हुए, तो आंध्र प्रदेश में यह संख्या 11,000 (12.3 प्रतिशत) है।  ठीक होने के 90 प्रतिशत मामले 15 राज्यों तथा एक केंद्र शासित प्रदेश से हैं।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें