वाघेला के मैला ढोने वाले बयान पर विवाद बढ़ा
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला के विवादास्पद बयान पर भाजपा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जो लोग कुछ खास जाति से हैं और मैला ढोने का काम करते हैं, उन्हें 50,000 रुपये दिए जाएंगे। भाजपा ने इसे जातिवाद फैलाने वाला बयान बताया और इसके खिलाफ कड़ी आलोचना की।

अहमदाबाद, एजेंसी। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला के मैला ढोने वाले बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। सत्ताधारी भाजपा ने उन पर जातिवाद फैलाने और समाज में दुश्मनी पैदा करने का आरोप लगाया है। वाघेला ने कहा था कि जो लोग पटेल, बनिया या ब्राह्मण समुदाय से हैं और मैला ढोने का काम करते हैं, उन्हें 50,000 रुपये दिए जाएंगे। वाघेला ने यह बयान शुक्रवार को गांधी जयंती के मौके पर नर्मदा जिले के आदिवासी बहुल सागबारा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दिया था। राज्यसभा के पूर्व सांसद आरक्षण के समर्थन में बोल रहे थे और उन लोगों की आलोचना कर रहे थे, जो इसे खत्म करना चाहते हैं।वाघेला
की आलोचना करते हुए भाजपा नेता यज्ञेश दवे ने कहा कि समुदायों या जातियों के बीच दुश्मनी पैदा करना गलत है। उन्होंने कहा कि जिस मैला ढोने की प्रथा के बारे में वाघेला ने बात की, उसे देश में पहले ही खत्म किया जा चुका है। पिछली और मौजूदा सरकारों ने यह सुनिश्चित करने के लिए काम किया है कि यह समुदाय सम्मान के साथ जी सके और उन्हें न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण, पटेल और बनिया समुदायों को मैला ढोने का काम करने पर 50,000 रुपये देने का उनका बयान पूरी तरह गलत है।

