रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा के खिलाफ भीम आर्मी का प्रदर्शन
फोटो : हल्द्वानी,संवाददाता। त्रिशूल चौक पर मौलाना के वायरल बयान को लेकर चल रहे
हल्द्वानी,संवाददाता। त्रिशूल चौक पर मौलाना के वायरल बयान को लेकर चल रहे विवाद में नया मोड़ आ गया है। भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी ने रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा पर मुस्लिम समाज के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान देने का आरोप लगाया है। इसी के विरोध में संगठन ने रविवार को बुद्ध पार्क में विधायक का पुतला फूंककर कार्रवाई की मांग की। भीम आर्मी ने कहा कि मौलाना के वायरल बयान की जांच कर यदि उसमें कोई आपत्तिजनक या कानून के विरुद्ध बात सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। संगठन का आरोप है कि विधायक ने मुस्लिम समाज के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया।
भीम आर्मी ने कहा कि यदि मौलाना के बयान पर कार्रवाई की जा रही है तो कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और विधायक के कथित बयान की भी निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए। इस दौरान भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विधायक शिव अरोड़ा का पुतला फूंका। प्रदर्शन में सिराज अहमद, नफीस अहमद खान, सुरेश चंद्र बेरी, खीम चंद्र आर्य, सखावत हुसैन, आफताब आलम, जीतराम आदि मौजूद रहे। संगठन ने ऐलान किया कि सोमवार को उसके पदाधिकारी कोतवाली पहुंचकर विधायक शिव अरोड़ा के खिलाफ तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग करेंगे। भीम आर्मी ने प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि तय समय के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।


