मेडिकल कॉलेज के पीआईसीयू में कथित वसूली का वीडियो वायरल
कुशीनगर, एक वायरल वीडियो के कारण चिकित्सा कॉलेज के पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) में कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। वीडियो में तीमारदार रुपये देते दिख रहे हैं। कॉलेज प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यदि आरोप सही पाए गए तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कुशीनगर, मिथिलेश द्विवेदी। स्वशासी मेडिकल कॉलेज में बच्चों के पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) में कथित अवैध वसूली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक तीमारदार नर्सिंग स्टाफ के केबिन में रुपये देते हुए नजर आ रहा है। आरोप लगाया जा रहा है कि पीआईसीयू में भर्ती प्रत्येक मासूम मरीज के परिजनों से 200 रुपये की वसूली की जा रही है। हालांकि, आपका अपना अखबार ‘हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो के सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन की जांच
वीडियो सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने इसका संज्ञान लिया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुभाष प्रसाद गुप्ता ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश देते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं। प्राचार्य डॉ. गुप्ता का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल कॉलेज में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वीडियो की सत्यता
हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो कब की है और उसमें दिखाई दे रही घटना किन परिस्थितियों में हुई है, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। ऐसे में पूरे मामले की सच्चाई जांच पूरी होने और रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगी। वायरल वीडियो के बाद मरीजों के परिजनों और आम लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब सभी की नजर मेडिकल कॉलेज प्रशासन की जांच और उसके आधार पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी है。


