लाइन हाजिर दरोगा के खिलाफ हत्या और रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज

हिन्दुस्तान, चित्रकूट
Follow us on Google News
share

चित्रकूट में संविदा लाइनमैन शिवशंकर शुक्ला ने दरोगा की धमकी के बाद आत्महत्या कर ली। परिजनों ने हंगामा करते हुए दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने हत्या और रंगदारी का मुकदमा दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंपा गया।

लाइन हाजिर दरोगा के खिलाफ हत्या और रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज

चित्रकूट। दरोगा के फोन पर धमकाने के बाद संविदा लाइनमैन के खुदकुशी करने में परिजनों ने रविवार को पोस्टमार्टम हाउस में जमकर हंगामा काटा। दरोगा को सिर्फ लाइन हाजिर करने से असंतुष्ट परिजनों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। परिजन दरोगा के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए पोस्टमार्टम हाउस के बाहर करीब चार घंटे तक धरने में बैठे रहे। उनके साथ कई भाजपा नेता भी शामिल हुए। परिजनों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर दरोगा के खिलाफ हत्या और रंगदारी मांगने का नामजद मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद ही परिजन पोस्टमार्टम कराने को तैयार हुए। राजापुर थाना क्षेत्र के नंदू पुरवा निवासी संविदा लाइनमैन शिवशंकर शुक्ला को एक युवती के मामले में सरधुवा थाने के दरोगा अजहर जमाल ने शुक्रवार को फोन पर जेल भेजने की धमकी दी थी। इसके बाद शिवशंकर देर शाम घर से जाकर गांव से कुछ दूर एक पेड़ में फंदा बनाकर झूल गया था। शनिवार को सुबह उसका शव बरामद हुआ था। परिजनों का आरोप था कि दरोगा के धमकाने पर शिवशंकर ने खुदकुशी की है। इसके साथ ही परिजनों ने हत्या की भी आशंका जताई। दरोगा और शिवशंकर के बीच हुई बातचीत का ऑडियो भी वायरल हुआ था। एसपी अरुण कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शनिवार की देर रात दरोगा अजहर जमाल को लाइन हाजिर कर दिया था। लेकिन परिजन इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं थे। रविवार को पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों के साथ ही भाजपा समेत अन्य संगठनों से जुड़े ब्राह्मण समाज के नेता पहुंच गए। सभी ने दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए जमकर हंगामा काटा। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद पोस्टमार्टम हाउस के बाहर धरने पर बैठ गए। जानकारी मिलने पर एएसपी पीयूषकांत राय, एसडीएम सदर अजय यादव, सीओ सिटी समेत कई थानों का पुलिसबल पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा। अधिकारियों ने भरोसा दिया कि मामले की जांच चल रही है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। फिर भी परिजन इस बात पर अड़े रहे कि उनकी दी गई तहरीर के आधार पर दरोगा के खिलाफ जब तक मुकदमा दर्ज नहीं होगा, तब तक वह शव का पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे। परिजन करीब चार घंटे तक धरने में बैठे रहे। परिजनों का आरोप है कि दरोगा अजहर जमाल ने एक मामले में शिवशंकर को थाने में बुलाकर मारपीट की थी। समझौता कराकर दो लाख रुपये लिए थे। अब फिर से शिवशंकर को दरोगा ने फोन पर धमकाया। पुलिस ने परिजनों के आक्रोश को देखते हुए आनन-फानन राजापुर थाने में दरोगा अजहर जमाल के खिलाफ हत्या और रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद परिजनों ने देर शाम शव का पोस्टमार्टम कराया。

पोस्टमार्टम के बाद की स्थिति

दो डाक्टरों ने वीडियोग्राफी के साथ शव का किया पोस्टमार्टम पुलिस ने शिवशंकर का शव शनिवार को बरामद होने के बाद पंचनामा कर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया था। रविवार की दोपहर पोस्टमार्टम की शुरुआत होनी थी। लेकिन हंगामे की वजह से पोस्टमार्टम रुका रहा। देर शाम पुलिस ने दो डाक्टरों के गठित पैनल के जरिए शव का पोस्टमार्टम कराया। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। इसके साथ ही बिसरा प्रिजर्व किया गया है। जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

परिजनों का गांव में आना

देर रात शव लेकर गांव पहुंचे परिजन, गांव में पुलिसबल तैनात संविदा लाइनमैन के शव का देर शाम करीब आठ बजे तक पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की निगरानी में देर रात परिजन शव लेकर गांव पहुंचे। शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दिन भर चले हंगामे को देखते हुए शांति व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से गांव में पुलिसबल की तैनाती रही। इसके साथ ही पुलिस अधिकारी हर गतिविधि पर नजर बनाए रहे। सोमवार को शव का अंतिम संस्कार होगा。

जिम्मेदारों के बयान

बोले जिम्मेदार- परिजनों की तहरीर के आधार पर दरोगा अजहर जमाल के खिलाफ हत्या और रंगदारी मांगने का मामला दर्ज किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका को भी देखा जा रहा है। जांच के दौरान जिनकी भी भूमिका मिलेगी, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पीयूषकांत राय, एएसपी

नोट: अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

दरोगा के खिलाफ परिजनों ने कौन सी कार्रवाई की मांग की?
परिजनों ने दरोगा के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsNational Newsलाइन हाजिर दरोगा के खिलाफ हत्या और रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज