गौला पुल के लिए 18.78 करोड़ मंजूर, क्षेत्रवासियों में खुशी
शांतिपुरी और सूर्यनगर के बीच गौला नदी पर पुल निर्माण की मांग पूरी हुई है। उत्तराखंड सरकार ने 18.78 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। यह पुल क्षेत्रवासियों को रुद्रपुर, लालकुआं और हल्द्वानी जाने में सहूलियत देगा। स्थानीय नेताओं ने इसे विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
शांतिपुरी, संवाददाता। लंबे समय से शांतिपुरी और सूर्यनगर के बीच गौला नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। प्रस्तावित गौला पुल के निर्माण के लिए उत्तराखंड शासन ने 18.78 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। इससे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया। भाजपा बरा मंडल महामंत्री बहादुर मेहता (आकाश मेहता) और भाजयुमो अध्यक्ष दीपक मेहता ने कहा कि गौला पुल क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग थी।
पुल नहीं होने के कारण लोगों को रुद्रपुर, लालकुआं और हल्द्वानी जाने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। पुल बनने के बाद करीब 40 किलोमीटर का सफर घटकर लगभग 26-27 किलोमीटर रह जाएगा, जिससे हजारों लोगों की दैनिक आवाजाही सुगम होगी। उन्होंने बताया कि शक्तिफार्म, बसघर, तिलयापुर, धौराडाम, सूर्यनगर, नजीमाबाद, कलकत्ता फार्म, माताफार्म, बखपुर, गऊघाट, बरा, अलीनगर, शहदौरा, अजीतपुर, भंगा, पिपलिया और चांचर सहित दर्जनों गांवों के लोग इस पुल से सीधे लाभान्वित होंगे। बेहतर संपर्क व्यवस्था से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान खीम सिंह मेहता, दीपक देव, कुंदन दानू, खीम सिंह दानू, रघुवीर सिंह मेहता, बसंत तिवारी, विक्रम सिंह मेहता, खड़क सिंह कोरंगा, विशाल मेहता, प्रताप सिंह मेहता, सूरज कोरंगा, नंदन सिंह मेहता और चंचल सिंह दानू सहित लोगों ने खुशी जताते हुए सरकार का धन्यवाद किया।


