परिषदीय स्कूल भवनों के निर्माण को मिली मंजूरी, 3.12 करोड़ आवंटित
राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा ने प्रदान की स्वीकृति स्कूलों में होगा निर्माण चित्रकूट, संवाददाता। जिले में बेसिक शिक्षा विभाग से संचालित परिष

चित्रकूट, संवाददाता। जिले में बेसिक शिक्षा विभाग से संचालित परिषदीय स्कूलों में अतिरिक्त कक्षा कक्ष के साथ ही प्राइमरी व जूनियर विद्यालयों के भवन निर्माण को राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा ने मंजूरी दी है। इसके साथ ही 13 अतिरिक्त कक्षा कक्ष व 31 प्राथमिक स्कूल भवनों का पुननिर्माण होगा। महकमे ने 15 जूनियर विद्यालय भवनों के पुर्ननिर्माण को मंजूरी प्रदान की है। स्वीकृति के सापेक्ष 50 फीसदी धनराशि का आवंटन किया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने जिले स्तर से निर्माण को लेकर प्रस्ताव तैयार कर राज्य परियोजना कार्यालय को भेजा था। फलस्वरुप 13 अतिरिक्त कक्षा कक्ष व 18 प्राथमिक विद्यालयों के पुर्ननिर्माण को लेकर 467.16 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इसमें 238.08 लाख की धनराशि का आवंटन किया गया है। इसी तरह 13 उच्च प्राथमिक विद्यालयों भवनों का पुर्ननिर्माण होना है। जिसके लिए 149.63 लाख की मंजूरी के साथ ही शासन ने 74.81 लाख की धनराशि अवमुक्त की है। बीएसए रंजना शुक्ला ने बताया कि स्वीकृत निर्माण कार्यों की लागत के सापेक्ष 50 फीसदी धनराशि अवमुक्त की गई है। जिसे स्थलीय सत्यापन के बाद संबंधित विद्यालयों के एसएमसी खाते में स्थानांतरित किया जाएगा। उन्होंने सभी खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि तीन दिन के भीतर निर्विवाद भूमि की उपलब्धता की रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। इसके बाद धनराशि खाते में स्थानांतरित कर निर्माण कार्य शुरु होगा। बताया कि भवनों का निर्माण विद्यालय प्रबंध समिति के माध्यम से किया जाएगा।


