जेवर लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 92 फीसदी जमीन खरीदी गई
गंगा और यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले 74.3 किलोमीटर लंबे ग्रीन फील्ड जेवर लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण तेजी से हो रहा है। अब तक 92 फीसदी जमीन खरीद ली गई है। परियोजना पर 8586 करोड़ रुपये की लागत आएगी और यह तीन वर्ष में पूरा होने का लक्ष्य रखती है।

ग्रेटर नोएडा, आशीष धामा। गंगा और यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले 74.3 किलोमीटर लंबे ग्रीन फील्ड जेवर लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र में लिंक एक्सप्रेसवे के लिए अब तक 92 फीसदी तक जमीन खरीद चुका है। कुछ जगह आ रही अड़चनों को भी किसानों से संवाद कर दूर किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने परियोजना जेवर लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण करेगा। इस पर सात अंडरपास, 11 छोटे पुल, तीन बड़े पुल, एक फ्लाईओवर और चार रेलवे ओवरब्रिज बनेंगे। काम शुरू होने के बाद परियोजना को तीन वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रहेगा। करीब 8586 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाला यह एक्सप्रेसवे छह लेन का होगा, जिसका भविष्य में आठ लेन तक विस्तार किया जा सकेगा。
लिंक एक्सप्रेसवे का उद्देश्य
एक्सप्रेसवे का उद्देश्य नोएडा एयरपोर्ट को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से सीधा सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है। इससे बुलंदशहर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंचने में सुविधा होगी। लिंक एक्सप्रेसवे यमुना एक्सप्रेसवे के 24.8 किलोमीटर बिंदु पर, यीडा के सेक्टर-21 में प्रस्तावित फिल्म सिटी के पास से शुरू होगा और बुलंदशहर के स्याना के निकट गंगा एक्सप्रेसवे के 44.3 किलोमीटर बिंदु से जुड़ेगा। यीडा एसीईओ राजेश कुमार ने बताया कि यह मार्ग गौतमबुद्ध नगर के आठ और बुलंदशहर के 48 समेत कुल 56 गांवों से होकर गुजरेगा। गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर में परियोजना के लिए भूमि अधग्रिहण की प्रक्रिया चल रही है। क्षेत्र में करीब 90 प्रतिशत भूमि का अधिग्रहण पूरा हो चुका है। मेहंदीपुर और भैपुर गांवों की करीब 20 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण अभी बाकी है।


