क्या अपनी ही पार्टी में साजिश का शिकार हो गए राहुल गांधी? अनुराग ठाकुर ने पूछा सवाल
केंद्रीय मंत्री राहुल गांधी ने कहा है कि आखिर राहुल गांधी की मदद करने के लिए कांग्रेस से जुड़े बड़े वकील आगे क्यों नहीं आए। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि राहुल गांधी के खिलाफ कांग्रेस में साजिश हुई।
मानहानि मामले में राहुल गांधी को सजा और फिर संसद से सदस्यता खोने को लेकर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी पर ही साजिश की बात कह दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी से जुड़े इतने दिग्गज वकील होने के बावजूद कोई उनकी मदद के लिए आगे नहीं आया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि क्या कांग्रेस पार्टी के अंदर ही राहुल गांधी के खिलाफ कोई साजिश चल रही है?
अनुराग ठाकुर 'टाइम्स नेटवर्क इंडिया डिजिटल फेस्ट' में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ऐसे व्यक्ति हैं जो कि अपनी गलतियों से सीख नहीं लेते हैं और लगातार गलती करते जाते हैं। सुप्रीम कोर्ट की हिदायत के बावजूद उनके खिलाफ देश की कई अदालतों में मानहानि के केस चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अयोग्य ठहराने में ना तो सरकार की कोई भूमिका है और ना ही लोकसभा सचिवालय का कोई रोल है।
उन्होंने कहा, मानहानि के मामले में किसी बड़े वकील ने राहुल गांधी की मदद नही की। कोर्ट में दो साल की सजा का ऐलान होने का बाद जनप्रतिनिधि कानून के तहत राहुल गांधी खुद ही अयोग्य साबित हो गए थे। ठाकुर ने कहा, मुझे आश्चर्य है कि पवन खेड़ा की मदद करने के लिए इतने बड़े-बड़े वकील तुरंत आ गए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आखिर वे लोग कौन थे जिन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ साजिश की। सुप्रीम कोर्ट में लिखित मांगी मांगने के बाद भी उन्होंने आरएसएस के खिलाफ भी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। इसके अलावा शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए उन्होंने एक पत्रकार पर भी आरोप लगा दिए। जो व्यक्ति पत्रकार का सम्मान नहीं करता तो वह प्रेस की स्वतंत्रता की बात कैसे कर सकता है। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गांधी परिवार के प्रभाव से बाहर नहीं निकल पा रही है।