हल्द्वानी से सैकड़ों युवा 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए दून रवाना
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए कुमाऊं से हजारों युवा देहरादून रवाना हुए हैं। इसमें लगभग 10 हजार छात्र-युवा भाग लेंगे और यह शिक्षा से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करेगा। कार्यक्रम में पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा लागत पर ध्यान केंद्रित होगा।
बृजेन्द्र मेहता हल्द्वानी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में शुक्रवार को देहरादून में होने वाले 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए कुमाऊं से हजारों युवा देहरादून रवाना हो गए। पार्टी का दावा है कि कुमाऊं मंडल से करीब 10 हजार छात्र-युवा इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके लिए हल्द्वानी समेत विभिन्न जिलों से बसों की व्यवस्था की गई है और संगठन के सभी प्रमुख नेताओं को अधिकतम संख्या में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यक्रम के उद्देश्य
कांग्रेस का 'छात्रों की गूंज' अभियान देशभर में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर चलाया जा रहा है। अभियान में पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में देरी, बेरोजगारी और बढ़ती शिक्षा लागत जैसे विषय प्रमुखता से उठाए जा रहे हैं। देहरादून में शुक्रवार शाम पांच बजे राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियां
कार्यक्रम की तैयारियों में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक भुवन कापड़ी, तिलकराज बेहड़, सुमित हृदयेश सहित कुमाऊं के वरिष्ठ कांग्रेस नेता पिछले कई दिनों से जुटे हैं। जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने बताया कि शुक्रवार सुबह हल्द्वानी से 10 से 12 बसें देहरादून के लिए रवाना हो गईं। पार्टी का कहना है कि कार्यक्रम के जरिए युवाओं की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाया जाएगा।


