उच्च शिक्षा संस्थानों में नियमित प्रमुख नहीं होने से संकट : कांग्रेस
-जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस

-जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस ने गुरुवार को देश के कई प्रमुख उच्च शिक्षा संस्थानों में नियमित प्रमुख नहीं होने को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने कहा कि भारत की उच्च शिक्षा व्यवस्था इसकी कीमत चुका रही है।कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर एक खबर साझा की। खबर में दावा किया गया है कि देश के प्रमुख केंद्रीय उच्च शिक्षा संस्थानों में शीर्ष स्तर पर बड़ी संख्या में पद खाली हैं। रिपोर्ट के अनुसार, देश के 155 राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों में से 37 फिलहाल अंतरिम, कार्यवाहक या अतिरिक्त प्रभार वाले कुलपति अथवा निदेशक के भरोसे चल रहे हैं।
कुछ संस्थानों में प्रमुख पद पर नियुक्त अधिकारी कार्यकाल बढ़ाए जाने के आधार पर काम कर रहे हैं। जयराम रमेश ने कहा कि 155 में से 37 राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों में नियमित और पूर्णकालिक प्रमुख नहीं होना स्वीकार्य स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि 48 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में से 20 में नियमित और पूर्णकालिक कुलपति नहीं हैं। इसी तरह 25 भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थानों में से 10 में नियमित प्रमुख नहीं हैं। रमेश के अनुसार, 21 भारतीय प्रबंधन संस्थानों में से तीन और 31 राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों में से तीन में भी नियमित और पूर्णकालिक निदेशक नहीं हैं।


