कांग्रेस सेवादल की कफन पदयात्रा, कई गिरफ्तार
प्रदेश कांग्रेस सेवादल ने शिक्षक दिवस पर कफन पदयात्रा निकाली, जिसमें वित्त रहित शिक्षकों के समर्थन में प्रदर्शन किया गया। पुलिस ने कई कांग्रेसी नेताओं को गिरफ्तार किया, जिनमें डॉ. संजय यादव और अफरोज आलम शामिल थे। कांग्रेस ने सरकार पर शिक्षकों की समस्याओं का निराकरण न करने और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान करने का आरोप लगाया।

प्रदेश कांग्रेस सेवादल की ओर से शिक्षक दिवस पर राज्य की वित्तरहित शिक्षा के खिलाफ एवं वित्त रहित शिक्षकों के समर्थन में गांधी मैदान स्थित गांधी मूर्ति से विधानसभा के समीप स्थित शहीद स्मारक तक कफन पदयात्रा निकाली गई। पार्टी ने दावा किया है कि पदयात्रा के दौरान पुलिस ने कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष डॉ. संजय यादव, अफरोज आलम, राजेश राठौड़, रुचि सिंह आदि कांग्रेसी नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में सभी को छोड़ दिया गया। कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने शिक्षक दिवस पर शिक्षक नेताओं की गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान बताया। आरोप लगाया कि सरकार को शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, लेकिन वह उनकी आवाज सुनने के बजाय दमन का रास्ता अपना रही है।
वित्तरहित शिक्षकों के साथ कांग्रेस मजबूती से खड़ी है और उनके हक की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार शिक्षकों को सम्मान देने के बजाए उनके अधिकारों और सम्मान के साथ खिलवाड़ कर रही है।


