रैली के लिए धनबाद कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता जाएंगे रांची
धनबाद कांग्रेस ने रांची में होने वाली रैली की तैयारी पूरी कर ली है। इसमें हजारों कांग्रेसी शामिल होंगे। यह रैली महंगाई, बेरोजगारी, और किसानों की समस्याओं के खिलाफ आयोजित की जा रही है। इसमें राकोमयू के कोयला मजदूरों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है।

धनबाद, विशेष संवाददाता। रांची (राजभवन के समक्ष) सोमवार को आयोजित होनेवाली कांग्रेस की रैली को लेकर धनबाद कांग्रेस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। रैली में जिले के सभी प्रखंडों, मंडलों, विभागों एवं विभिन्न प्रकोष्ठों से हजारों कांग्रेसी शामिल होंगे। जिला कांग्रेस ने व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाते हुए कार्यकर्ताओं से रांची पहुंचने की अपील की है। पार्टी की ओर से दावा किया गया कि रांची रैली ऐतिहासिक होगी। धनबाद से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रांची पहुंचकर केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे। जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और मजदूरों की समस्याएं, युवाओं का भविष्य, छोटे व्यापारियों की परेशानियां तथा आम जनता से जुड़े ज्वलंत सवाल को लेकर रैली आयोजित की जा रही है। जनता के अधिकारों, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की आवाज को बुलंद करने का संकल्प है। प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह योगी, मंटू दास, जहीर अंसारी, आसिफ राजा, राजू दास, प्रमोद सिन्हा आदि भी उपस्थित थे.
रैली में राकोमयू की भी भागीदारी
इंटक से संबद्ध इंडियन नेशनल माइंस वर्कर्स फेडरेशन के महामंत्री एके झा ने पार्टी पदाधिकारियों को पत्र जारी कर कहा है कि फेडरेशन राष्ट्रीय अध्यक्ष कुमार जय मंगल सिंह, विधायक की ओर से अपील की गई है कि इस प्रदर्शन में अधिक से अधिक कोयला मजदूरों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। केंद्र की भाजपा सरकार ने झारखंड राज्य को अधिक आर्थिक रूप से कमजोर करने के लिए, पूजीपतियों के हित में एमएमडीआर खान संशोधन विधेयक को संख्या बल के आधार पर पास कराया है। सुप्रीम कोर्ट के संविधान बेंच द्वारा झारखंड राज्य के हित में पूर्व के फैसले के विपरीत, भाजपा सरकार ने राज्य हित के विपरीत इस एमएमडीआर. कानून को पास कराया है। इससे झारखंड प्रदेश को 16 हजार करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान होगा। राकोमयू के कार्यकर्ता रैली में भागीदार बन एमएमडीआर संशोधन बिल का विरोध करें.


