हल्द्वानी में मैदान शुद्ध्रीकरण मामले में एसएसपी दफ्तर पर युवक कांग्रेस का प्रदर्शन
- नारेबाजी करते हुए युकां कार्यकर्ता पुलिस बहुद्देशीय भवन पहुंचे - मुकदमा दर्ज न होने

हल्द्वानी, वरिष्ठ संवाददाता। रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद शुद्धीकरण के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के इतने दिन गुजरने के बाद भी कार्रवाई न होने से नाराज युकां नेताओं ने नारेबाजी करते हुए रविवार को एसएसपी दफ्तर का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। तहरीर देने के बाद मुकदमा दर्ज न करने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी देकर कार्यकर्ता लौटे। रविवार को युकां के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ता बहुउद्देश्यीय भवन पहुंचे और नारेबाजी करते हुए एसएसपी कार्यालय का घेराव किया। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने पर्याप्त बल तैनात किया हुआ था। भोजक ने कहा कि आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विजय शंखनाद रैली की थी। रैली समाप्त होने के बाद कुछ लोगों ने मैदान में हवन करके कथित शुद्धीकरण किया था। आरोप है कि किसी विशेष जाति वर्ग की उपस्थिति को अपवित्र बताने और समाज में घृणा व भेदभाव फैलाने के उद्देश्य से रामलीला मैदान में शुद्धीकरण किया गया। इसके अलावा एआई का एक वीडियो बनाकर धर्म के आधार पर नफरत फैलाने का भी आरोप कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगाया। आरोप है कि 14 अगस्त को हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर दी थी लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। हंगामा और नारेबाजी करते हुए एनएसयूआई की तरफ से अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है。
जिलेभर से पुलिस फोर्स पहुंचा हल्द्वानी
कांग्रेस के रामलीला मैदान में कार्यक्रम की सूचना से पुलिस विभाग एक दिन पहले से ही अलर्ट था। जिले के कई थानों से फोर्स यहां मंगाया था। पुलिस बहुद्देशीय भवन से लेकर रामलीला मैदान और सड़कों पर पुलिस बल तैनात रहा। इसके अलावा खुफिया विभाग भी दिनभर इधर-उधर चक्कर काटता रहा। थानों के एसओ और एसएचओ भी दिनभर जानकारी जुटाते रहे और अधिकारियों को ब्रीफ कराते रहे।


