चढ़ावा प्रकरण: आस्था के साथ धोखा हुआ: कांग्रेस
कांग्रेस ने राम मंदिर के चढ़ावे में हेराफेरी के आरोप उठाए हैं और भाजपा-आरएसएस को आस्था से विश्वासघात करने का दोषी ठहराया है। जयराम रमेश ने सुप्रीम कोर्ट के निगरानी में जांच की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री पर चुप रहने का आरोप लगाया और कहा कि चढ़ावे की चोरी की सच्चाई अब सामने आ रही है।

कांग्रेस ने रविवार को अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में हेराफेरी पर सवाल उठाए और कहा कि देश आस्था से विश्वासघात के लिए भाजपा-आरएसएस को कभी माफ नहीं करेगा। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच, फॉरेंसिक ऑडिट, जवाबदेही तय करना और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की पार्टी की मांगों को फिर से दोहराया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा कि प्रकरण का खुलासा हुए आज एक माह बीत चुका है, पर प्रधानमंत्री ने इस पर कुछ नहीं बोला है। उन्होंने दावा किया कि राम मंदिर के नाम पर राजनीति करने वालों की पोल अब हर रोज नए तथ्यों से खुल रही है।
चढ़ावा चोरी के मामले में रोजाना लाखों रुपये गायब होने की बात मामले को रफा-दफा करने के लिए बनाए गए विशेष जांच दल (एसआईटी) को भी माननी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चढ़ावा चोरी प्रकरण कुछ कर्मचारियों तक सीमित नहीं हो सकता, फिर भी सरकार असली गुनाहगारों को बचाने में लगी है। रमेश ने कहा कि कांग्रेस पहले से ही कहती आई है कि एसआईटी, प्राथमिकी और इस्तीफे बस देशवासियों की आंखों में धूल झोंकने के प्रयास हैं।


