कांग्रेस ने शिक्षा संबंधी स्थायी समिति की रिपोर्ट पर सरकार को घेरा
क्रॉसर -रिपोर्ट में एनटीए और शिक्षा मंत्रालय की घोर अक्षमता पर सवाल -पेपर लीक

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। कांग्रेस ने संसद की स्थायी समिति की रिपोर्ट को लेकर सरकार को घेरा है। पार्टी का कहना है कि स्थायी समिति ने अपनी रिपोर्ट में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) और शिक्षा मंत्रालय की घोर अक्षमता और अनियमितताओं का विस्तृत ब्योरा दिया है। ऐसे में उम्मीद है कि केंद्र सरकार इस रिपोर्ट को गंभीरता से लेगी। कांग्रेस ने सरकार के इस दावे पर सवाल उठाए हैं, जिसमें उसने कहा है कि वर्ष 2017 से 2025 तक एनटीए की तरफ से आयोजित किसी भी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि राज्यसभा सदस्य मुकुल वासनिक की अध्यक्षता वाली शिक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की रिपोर्ट एनटीए और शिक्षा मंत्रालय की घोर अक्षमता और अनियमितताओं का विस्तृत ब्योरा देती है। उन्होंने कहा कि इस वक्त मीडिया में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार छाए हुए हैं, पर पेपर लीक का मुद्दा अभी खत्म नहीं हुआ है।
पेपर लीक और एनटीए की जवाबदेही पर सवाल
जयराम रमेश ने कहा कि पूरे देश की जानकारी में है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की तरफ से आयोजित परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक और अनियमितताओं के नौ मामले सामने आ चुके हैं। जब शिक्षा मंत्रालय गड़बड़ियों को स्वीकार करने तक से इनकार कर रहा है, तो निष्पक्ष जांच या जवाबदेही की उम्मीद आखिर कैसे की जा सकती है। उन्होंने कहा कि एनटीए सोसाइटी पंजीकरण अधिनियम, 1860 के तहत एक सोसाइटी के रूप में पंजीकृत है। यह संसद द्वारा पारित किसी कानून के तहत गठित वैधानिक संस्था नहीं है। इस वजह से एनटीए के कामकाज पर संसद की निगरानी सीमित रहती है और अपने कामकाज के लिए एनटीए की जवाबदेही भी कम होती है।
निजी ठेकेदारों पर निर्भरता और खाली पद
निजी एजेंसियों से कार्य कराना मजबूरी
पार्टी ने कहा कि समिति की रिपोर्ट से स्पष्ट होता है कि एनटीए को एक खोखली संस्था के रूप में तैयार किया गया है, जो अपनी सभी प्रमुख जिम्मेदारियां निजी ठेकेदारों को सौंप देती है। रिपोर्ट में बताया गया है कि एनटीए में केवल 39 स्वीकृत पद हैं, जिसका अर्थ है कि उसे परीक्षाएं आयोजित करने के लिए निजी ठेकेदारों पर ही निर्भर रहना पड़ता है। स्थायी समिति की रिपोर्ट का हवाला देते हुए जयराम रमेश ने कहा कि 39 स्वीकृत पदों में से फिलहाल केवल 23 पदों पर अधिकारी कार्यरत हैं। मतलब यह है कि 41 फीसदी पद खाली हैं। यह स्थिति तब है, जब के राधाकृष्णन समिति ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया था।
एनटीए की कार्यप्रणाली और राजस्व पर सवाल
कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि एनटीए का ढांचा और उसकी कार्यप्रणाली पारदर्शी नहीं है और इससे प्रश्नपत्र लीक माफिया को बढ़ावा मिलता है। शिक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बार बार की गई सिफारिशों के बावजूद देशभर में ऐसी कंपनियों को ब्लैकलिस्ट करने की कोई व्यवस्था नहीं है, जिनका पेपर तैयार करने, लॉजिस्टिक्स, प्रिंटिंग, परीक्षा संचालन जैसी सेवाओं में खराब प्रदर्शन का रिकॉर्ड रहा है।
मुनाफा कमाने वाला व्यवसाय बताया
एनटीए को मुनाफा कमाने वाला एक व्यवसाय करार देते हुए पार्टी ने कहा कि एनटीए ने कुल 590 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया। इसे छात्रों की मदद करने या परीक्षा से जुड़े ढांचे और क्षमताओं को मजबूत करने के बजाय ब्याज कमाने के लिए सावधि जमा में निवेश कर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे में उम्मीद है कि सरकार स्थायी समिति की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए उचित कदम उठाएगी।


