दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे ने खोला दावों का सच : कांग्रेस
कांग्रेस ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गड्ढों को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। पार्टी ने कहा कि उद्घाटन के सिर्फ दो महीने बाद इस एक्सप्रेसवे पर बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे सरकार के दावों की सच्चाई उजागर हो रही है। आरोप लगाया गया है कि देशभर में निर्माण कार्यों में अनियमितताएं बरती जा रही हैं।

नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस ने गुरुवार को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गड्ढे होने को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। आरोप लगाया कि सिर्फ यह एक्सप्रेसवे नहीं, देशभर में कई अवस्थापना परियोजनाओं में अनियमितता बरती जा रही है। सोशल मीडिया मंच एक्स पर पार्टी के आधिकारिक हैंडल पर एक पोस्ट में कहा गया, ‘प्रधानमंत्री ने 14 अप्रैल 2026 को ही एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। दो माह बाद ही 12,000 करोड़ रुपये से बने इस एक्सप्रेसवे पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं।’ कांग्रेस ने कहा कि इससे सरकार के दावों का सच खुल गया है। आरोप लगाया कि एक्सप्रेसवे के निर्माण में बड़े पैमाने पर हेराफेरी हुई है।
दावा किया, ‘यह ऐसा पहला मामला नहीं है। देशभर में, चाहे पुल हों या सड़कें, हाईवे हों या पानी की टंकियां, रेलवे स्टेशन हों या एयरपोर्ट की छतें, हर जगह इंफ्रास्ट्रक्चर खराब हो रहा है।’ बता दें कि 213 किलोमीटर लंबा छह-लेन वाला दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ता है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


