राहुल गांधी पर एफआईआर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
राहुल गांधी पर एफआईआर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन हल्द्वानी जनसभा के बाद कथित शुद्धिकरण और इसके विरोध में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से स
सोनभद्र, संवाददाता। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी जनसभा के बाद कथित शुद्धिकरण और इसके विरोध में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से सवाल उठाए जाने के बाद दर्ज एफआईआर को लेकर सोमवार को जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश देखने को मिला। जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने नगर के बढ़ौली चौक पर प्रदर्शन कर राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमा तत्काल वापस लेने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने और दलित समाज की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को सरकार से सवाल पूछने का अधिकार है।
राहुल गांधी ने हल्द्वानी की घटना को लेकर सवाल उठाए तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई। कांग्रेस नेताओं ने इसे राजनीतिक द्वेष से प्रेरित कार्रवाई बताते हुए कड़ी निंदा की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गौंड़ ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद भाजपाइयों की ओर से कथित शुद्धिकरण किया जाना संविधान और दलित समाज के सम्मान पर हमला है। राहुल गांधी ने इसी मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। मुकदमा वापस होने तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष फरीद अहमद ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष का दायित्व सरकार से सवाल पूछना है। राहुल गांधी विपक्ष की आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस-प्रशासन का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने एफआईआर को राजनीति से प्रेरित बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। इस मौके पर ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, गोपाल पाठक, राघवेंद्र नारायण, श्रीकांत मिश्रा, जगदीश मिश्रा, शीतला पटेल, राधेश्याम पटेल, लालबहादुर वर्मा, सुधाकर भारती, दिनेश मिश्रा, शहर नंदकुमार शर्मा आदि रहे।


