महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष पर अभद्र टिप्पणी में साइबर थाने में शिकायत
पूर्वी सिंहभूम महिला कांग्रेस अध्यक्ष नलिनी सिन्हा के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी का मामला सामने आया है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने साइबर थाने में ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। नलिनी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाले फेसबुक अकाउंट की पहचान कर कार्रवाई की मांग की गई। यदि जल्दी कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन की चेतावनी दी गई।

पूर्वी सिंहभूम जिला महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष नलिनी सिन्हा के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आया है। इसके विरोध में मंगलवार को कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने बिष्टूपुर स्थित साइबर थाने में थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि 10 सितंबर 2025 को राधेश्याम नाम के फेसबुक अकाउंट से नलिनी सिन्हा के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की गई। इससे उनकी मान-प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित फेसबुक अकाउंट की जांच कर संचालक की पहचान करने और कानून के तहत कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से आपत्तिजनक पोस्ट को हटवाने के साथ मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की भी मांग की। नेताओं ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी महिला के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है। ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह, आशुतोष सिंह, युवा कांग्रेस अध्यक्ष नवनीत मिश्रा, जिला महासचिव बबलू नौशाद, ज्योति मिश्रा, फिरोज खान, रंजीत झा, शाहिद इकबाल, विश्वजीत जेना, शबाना परवीन, गुरदीप सिंह, मोहम्मद कमरूद, अंकुर बनर्जी और जिला महासचिव राकेश साहू समेत महिला कांग्रेस की पदाधिकारी शामिल थीं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं होने पर पार्टी की ओर से आंदोलन किया जाएगा।


