गंगाजल से शुद्धिकरण के विरोध में कांग्रेस ने निकाला मार्च, किया सत्याग्रह
शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अतरपुरा चौराहा से गांधी प्रतिमा तक विरोध मार्च निकाला। उन्होंने भाजपा समर्थित संगठनों से दलित समाज के अपमान के लिए माफी की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि ये संगठन कांग्रेस की जनसभा स्थल को अपवित्र करने की कोशिश कर रहे हैं, जो समाज में विभाजन को बढ़ावा देता है।

शुक्रवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अतरपुरा चौराहा स्थित नेहरू प्रतिमा से गांधी प्रतिमा तक विरोध मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने हाथों में कांग्रेस के झंडे और बैनर लेकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और दलित समाज के कथित अपमान को लेकर भाजपा समर्थित हिंदू राइट विंग संगठनों से माफी मांगने की मांग की गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि हल्द्वानी में राइट विंग संगठनों द्वारा कांग्रेस की जनसभा के स्थल पर गंगाजल से कथित शुद्धिकरण का अनुष्ठान किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की उपस्थिति के बाद कार्यक्रम स्थल को अपवित्र बताकर की गई।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना सामाजिक भेदभाव की मानसिकता को दर्शाती है और समाज में विभाजन को बढ़ावा देती है। मार्च के गांधी प्रतिमा पर पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सत्याग्रह किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रघुपति राघव राजा राम, सबको सम्मति दे भगवान की धुन गाकर ईश्वर से भाजपा समर्थित लोगों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की।इस मौके पर पूर्व विधायक गजराज सिंह, पूर्व शहर अध्यक्ष दिनेश चंद शर्मा, रघुवीर सिंह, सेंसरपाल सिंह, रश्मि चौधरी, बॉबी त्यागी, जितेंद्र सिंह, पूरनमल आनंद, दीपक मोघे, पवनजीत सिंह सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


