सीएम आवास कूच के दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और गणेश गोदियाल समेत कई गिरफ्तार
हिन्दुस्तान, देहरादून
देहरादून में कांग्रेस ने हल्द्वानी में कथित शुद्धीकरण का विरोध किया। पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को बैरीकेडिंग में रोका और धक्कामुक्की हुई। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कई प्रमुख नेता, जैसे कि कुमारी शैलजा और गणेश गोदियाल, को गिरफ्तार किया गया और बाद में निजी मुचलके पर रिहा किया गया।

देहरादून। हल्द्वानी में कथित शुद्धीकरण के मामले में कांग्रेस ने सीएम आवास कूच किया। इस दौरान पुलिस ने कांग्रेसियों को हाथीबड़कला बैरीकेडिंग में रोक दिया। पुलिस और कांग्रेसियों के बीच धक्कामुक्की हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बारिश के बीच चलते धरना प्रदर्शन में कांग्रेसियों ने राज्य सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। पुलिस ने प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, रणजीत रावत, जसविंदर पाल गोगी, अभिनव थापर, लालचंद शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार आदि को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कर्मी उन्हें पुलिस लाइन ले गए जहां से उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया।


