ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशराहुल गांधी बनेंगे कांग्रेस अध्यक्ष? सलमान खुर्शीद बोले- विदेश से लौटने के बाद मनाएंगे

राहुल गांधी बनेंगे कांग्रेस अध्यक्ष? सलमान खुर्शीद बोले- विदेश से लौटने के बाद मनाएंगे

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा है कि अध्यक्ष पद के लिए राहुल गांधी एकमात्र और पहली पसंद हैं। उन्होंने कहा कि विदेश से वापस आने के बाद उनको मनाने का प्रयास किया जाएगा।

राहुल गांधी बनेंगे कांग्रेस अध्यक्ष? सलमान खुर्शीद बोले- विदेश से लौटने के बाद मनाएंगे
Ankit Ojhaएजेंसियां,नई दिल्लीSun, 28 Aug 2022 10:28 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस की वर्किंग कमिटी की बैठक में फैसला किया गया है कि 17 अक्टूबर को पार्टी के अध्यक्ष के लिए चुनाव कराए जाएंगे। 2019 में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। तब से ही सोनिया गांधी अंतरिम अध्यक्ष के रूप में पार्टी की कमान संभाल रही हैं। इससे पहले जब भी चुनाव का  ऐलान किया गया तो ऐसी खबरें आईं कि राहुल गांधी अध्यक्ष नहीं बनना चाहते हैं। हालांकि अब पार्टी के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा है कि राहुल ही एक मात्र और पार्टी की पहली पसंद हैं। 

खुर्शीद ने यह भी कहा कि विदेश से आने के बाद गांधी को अध्यक्ष पद संभालने के लिए मनाने की कोशिश की जाएगी। यह पूछे जाने पर कि क्या राहुल गांधी पार्टी नेताओं की पसंद हैं, तो खुर्शीद ने कहा, 'सच कहूं तो जिस किसी से भी मैंने बात की है या जिनकी राय को मैंने महसूस किया है, उसके हिसाब से वह पहली और एकमात्र (पसंद) हैं।'

कांग्रेस कार्य समिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य खुर्शीद ने कहा, 'इससे ज्यादा बातचीत नहीं हुई...हमें इस बात का कोई संकेत नहीं मिला है कि वह हमारा अनुरोध स्वीकार करेंगे या नहीं। आज इस पर बात करना संभव नहीं था क्योंकि यह बैठक केवल कार्यक्रम को लेकर थी और ऐसा करना बहुत मुश्किल था क्योंकि यह एक हाईब्रिड बैठक थी।'

खुर्शीद ने कहा, 'जब वह वापस आएंगे तो मुझे यकीन है कि हम उन्हें मनाना चाहेंगे।' पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता तथा नेता, पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा व्यक्त की गई भावना को साझा करते हैं, जिन्होंने शनिवार को कहा था कि राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष पद संभालने के लिए मनाया जाएगा क्योंकि पार्टी में उनके अलावा ऐसा कोई नहीं है, जिसकी पूरे भारत में अपील है।

खुर्शीद ने कहा कि पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता राहुल गांधी को शीर्ष पद पर देखना चाहते हैं। सीडब्ल्यूसी की बैठक की अध्यक्षता सोनिया गांधी ने की, जो इलाज के लिए विदेश में हैं। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी उनके साथ थीं। (भाषा से इनपुट्स के साथ)

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें