Congress President Election: मल्लिकार्जुन खड़गे या शशि थरूर? कांग्रेस अध्यक्ष के लिए आज 6ठी बार होगा चुनाव, राहुल कर्नाटक में डालेंगे वोट

Himanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली।
share

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए सोमवार को यानी आज वोट डालेंगे। राहुल गांधी और भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा ले रहे कई डेलीगेट कर्नाटक के बेल्लारी के संगनाकुल्लू कैंप में मतदान करेंगे।

Congress President Election: मल्लिकार्जुन खड़गे या शशि थरूर? कांग्रेस अध्यक्ष के लिए आज 6ठी बार होगा चुनाव, राहुल कर्नाटक में डालेंगे वोट

Congress President Election Voting: कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए सोमवार को यानी आज वोट डालेंगे। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा ले रहे कई डेलीगेट कर्नाटक के बेल्लारी के संगनाकुल्लू कैंप में मतदान करेंगे। वहीं, पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य पार्टी मुख्यालय में बने पोलिंग बूथ में मतदान करेंगे। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा कि राहुल गांधी सहित करीब 40 अन्य भारत यात्रियों के साथ संगनाकल्लू कैप में मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि 17 अक्तूबर को भारत जोड़ो यात्रा के लिए विश्राम का दिन होगा। ताकि, यात्रा में हिस्सा ले रहे लोग अपना वोट डाल सके।

अध्यक्ष पद के चुनाव की जिम्मेदारी संभाल रहे केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि एआईसीसी में भी एक बूथ बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं, सीडब्ल्यूसी के सदस्य और अन्य प्रदेश के नेताओं के पहचान पत्र अलग-अलग राज्य से हैं। यह सभी डेलीगेट एआईसीसी में आकर मतदान कर सकते हैं।

थरूर के ऐतराज पर बदलाव
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में उम्मीदवार शशि थरूर की टीम ने केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री से मुलाकात कर मतपत्र में अपनी पसंद के उम्मीदवार के सामने एक और दो लिखने के लिए कहा गया था। दरअसल, मतपत्र में मल्लिकार्जुन खड़गे के सामने एक और शशि थरूर के नाम के सामने दो लिखने के लिए कहा गया था। थरूर की टीम की तरफ से उठाए इस ऐतराज के बाद मतपत्र पर टिक का निशान लगाने के निर्देश दिए हैं।

छठी बार चुनाव
कांग्रेस के 137 साल के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो रहा है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए अब तक 1939, 1950, 1977, 1997 और 2000 में चुनाव हुए हैं। पूरे 22 वर्षों के बाद फिर इस बार फिर अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो रहा है।

>> वर्ष 1939 में पी. सीतारमैया और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के बीच मुकाबला हुआ। इसमें नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जीत हुई थी।
>> 1950 में पुरुषोत्तम दास टंडन और आचार्य कृपलानी के बीच मुकाबला हुआ। इसमें टंडन की जीत हुई थी।
>> वर्ष 1977 में देवकांत बारुआ के त्यागपत्र के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव हुआ था। इस चुनाव में के ब्रह्मानंद रेड्डी ने सिद्धार्थ शंकर रे और डॉ़ कर्ण सिंह को शिकस्त दी थी। बीस साल बाद फिर अध्यक्ष पद के लिए एक से ज्यादा उम्मीदवार थे।
>> वर्ष 1997 में सीताराम केसरी, शरद पवार और राजेश पायलट के बीच चुनाव हुआ था। इसमें सीताराम केसरी की जीत हुई थी।
>> वर्ष 2000 में हुए विधानसभा चुनाव में भी दो उम्मीदवार थे। सोनिया गांधी और जितेंद्र प्रसाद के बीच हुए इस मुकाबले में सोनिया गांधी की जीत हुई थी।

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha

बिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।


एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।


हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।


काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।

और पढ़ें