अब हनुमान जी उठाएं गदा और करें चंदा चोरों का फैसला : अजय राय
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने रविवार को अयोध्या में हनुमानगढ़ी में पूजा की और हनुमान चालीसा का पाठ किया। उन्होंने कांग्रेस की कार्यक्रमों की शुरुआत भगवान के दर्शन से करने की बात कही। राय ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि राम मंदिर को व्यापार का केंद्र नहीं बनने देंगे। उन्होंने महंगाई और आगामी चुनावों के बारे में भी खुलकर चर्चा की।

अयोध्या संवाददाता। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय रविवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यक्रमों की शुरुआत भगवान के दर्शन से करती है। कांग्रेस अध्यक्ष राय ने हनुमान जी से अत्याचार और अन्याय के खिलाफ कार्रवाई की प्रार्थना की है। उन्होंने भाजपा पर सीधा हमला न बोलते हुए कहा कि उन्हें हनुमान जी पर भरोसा है । राय ने कहा कि अब हनुमान जी उठाएं अपना गदा और चंदा चोरों का फैसला करें। इसके बाद उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि चढ़ावे की चोरी के आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। राम मंदिर में सीईओ की नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने धर्माचार्यों की नियुक्ति की मांग की। अजय राय ने कहा कि राम मंदिर को व्यापार का केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा। यूपी विधानसभा चुनाव में गठबंधन के सवाल पर कहा कि फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा, लेकिन भाजपा को सत्ता से हटाएंगे।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बढ़ती महंगाई, चीनी और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। साथ ही एसआईटी की रिपोर्ट आने के बाद देश-प्रदेश में आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदेश अध्यक्ष के अयोध्या पहुंचने पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चेत नारायण सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय कमला नेहरू भवन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पदाधिकारियों के साथ बैठक की। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की मजबूती को लेकर विचार विमर्श किया।


