शामली जिलाध्यक्ष के लिए कांग्रेस को मिले एक दर्जन से अधिक आवेदन
कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत शामली में जिलाध्यक्ष और शहर अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया चल रही है। एआईसीसी पर्यवेक्षक रामकुमार बसोवा के अनुसार, जिलाध्यक्ष पद के लिए कई आवेदन आए हैं और चयन 25 अगस्त तक पूरा होगा। पार्टी का उद्देश्य संगठन की समस्याओं को दूर कर उसे मजबूत करना है।

कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत शामली में जिलाध्यक्ष और शहर अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया जारी है। पार्टी के एआईसीसी पर्यवेक्षक रामकुमार बसोवा ने बताया कि जिलाध्यक्ष पद के लिए अब तक करीब एक दर्जन से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि शहर अध्यक्ष पद के लिए भी कई कार्यकर्ताओं ने दावेदारी पेश की है। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया 25 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी और प्रदेश के सभी जिलों में 15 सितंबर तक जिलाध्यक्षों की घोषणा किए जाने का लक्ष्य है। शहर के शिवगंज मंडी स्थित शिव दुर्गा मंदिर में पत्रकारों से बातचीत में रामकुमार बसोवा ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश पर्यवेक्षकों की टीम पिछले एक सप्ताह से जनपद में कार्यकर्ताओं से संपर्क कर रही है।
टीम ने जिले के पांचों ब्लॉकों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं से जिलाध्यक्ष के नाम को लेकर सुझाव लिए हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की समस्याओं को दूर करने और पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी ऐसे व्यक्ति को दी जाएगी, जो सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत कर सके। उन्होंने कहा कि संगठन में किसी पूंजीपति के प्रभाव वाले व्यक्ति को स्थान नहीं दिया जाएगा। पार्टी का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। रामकुमार बसोवा ने कहा कि राहुल गांधी आम लोगों, गरीबों, व्यापारियों, किसानों, मजदूरों और युवाओं की आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन में वरिष्ठ नेताओं के अनुभव के साथ युवाओं को भी महत्व दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ समय में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन की स्थिति कमजोर रही, लेकिन अब बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। नीट परीक्षा के मुद्दे पर उन्होंने केंद्र सरकार से युवाओं की जायज मांगों को स्वीकार करने की अपील की।इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस ऑब्जर्वर प्रदीप कंसल, रामकुमार पंडित, सत्यम सैनी, पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, वैभव गर्ग, ओमबीर उपाध्याय, शेखचंद पाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


