जेएनयू से बर्खास्तगी के फैसले को देंगे चुनौती अकोइजम
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमल अकोइजम ने कहा है कि उनके वकील जेएनयू से बर्खास्तगी के फैसले को चुनौती देंगे और एक-दो दिन में मुकदमा दायर करेंगे। यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बाद विश्वविद्यालय ने उन्हें नौ अक्टूबर को पद से हटाया था। ग्यारह छात्राओं ने शिकायत दर्ज कराई थी; अकोइजम ने आरोपों से इनकार किया है।

इम्फाल, एजेंसी। यौन उत्पीड़न के आरोपों के चलते जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में प्रोफेसर पद से बर्खास्त किए गए कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमल अकोइजम ने शुक्रवार को कहा कि उनके वकील इस कार्रवाई को चुनौती देने की तैयारी कर रहे हैं और एक-दो दिन में मुकदमा दायर करेंगे। जेएनयू के स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के तहत ‘सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स’ में प्रोफेसर रहे अकोइजम को यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बाद नौ अक्तूबर को बर्खास्त कर दिया गया था। जेएनयू की 11 छात्राओं ने अकोइजम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि वह बैठकों या समारोहों के बहाने छात्राओं को परिसर स्थित अपने आवास पर बुलाते थे और उनका उत्पीड़न करने की कोशिश करते थे।
अकोइजम ने हालांकि इन आरोपों से इनकार किया है।

