दिल्ली जा रहे कांग्रेस नेता संजय-निक्कू पंडित हाउस अरेस्ट
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर दिल्ली में छात्रों के साथ हुई बर्बरता और राहुल गांधी के साथ कथित दुव्र्यवहार के विरोध में कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट कर दिया गया। कांग्रेस कार्यकर्ता जनसमस्याओं से संबंधित ज्ञापन लेकर निकले। नेताओं ने सरकार पर लोकतंत्र की आवाज दबाने का आरोप लगाया।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कथित दुव्र्यवहार एवं गिरफ्तारी के विरोध में दिल्ली जा रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस-प्रशासन द्वारा हाउस अरेस्ट कर दिया गया। नेताओं के हाउस अरेस्ट की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष निक्कू पंडित के आवास पर एकत्र हो गए। प्रशासन की ओर से नगर मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे, जिन्हें कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल द्वारा जनसमस्याओं से संबंधी ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि किसानों को तत्काल यूरिया एवं डीएपी खाद उपलब्ध कराई जाए और खाद की कालाबाज़ारी पर रोक लगे। स्मार्ट मीटरों एवं बढ़े हुए बिजली बिलों की उच्चस्तरीय जांच कराकर आम जनता को राहत दी जाए।
सरकार जनता की आवाज और विरोध से भयभीत है
सरकार जनता की आवाज और विरोध से भयभीत है-संजय कपूर
पूर्व विधायक संजय कपूर ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की आत्मा पर लगातार प्रहार कर रही है। जब विपक्ष के जनप्रतिनिधियों को शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से विरोध दर्ज कराने से रोका जाने लगे, तो यह स्पष्ट संकेत है कि सरकार जनता की आवाज से डरी हुई है। दिल्ली जाकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार था, लेकिन हमें रात से ही हाउस अरेस्ट कर दिया गया।
जनसमस्याओं को दबाने के लिए पुलिस का सहारा ले रही सरकार
जनसमस्याओं को दबाने के लिए पुलिस का सहारा ले रही सरकार-प्रमिल कुमार शर्मा
जिलाध्यक्ष निक्कू पंडित ने कहा कि प्रदेश भर में किसान यूरिया-डीएपी खाद के लिए दर-दर भटक रहे हैं और स्मार्ट मीटर के नाम पर आम उपभोक्ताओं का शोषण हो रहा है। इन जनहित के मुद्दों पर बात रखने के लिए हम दिल्ली जा रहे थे, लेकिन सरकार ने पुलिस के बल पर हमें नजरबंद कर दिया। लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाना संविधान के विरुद्ध है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष बाकर अली खां ने कहा कि भाजपा सरकार पुलिस और प्रशासन के दम पर लोकतंत्र की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। नेताओं को नजरबंद करके जनआंदोलन को रोकने की सोच सरकार की सबसे बड़ी भूल है। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता सड़क से सदन तक जनता के अधिकारों के लिए संघर्षरत रहेगा। इस अवसर पर नोमान मुमताज खान, शारीब अली खां, वाली खान, साहिर रज़ा खां, चितरंजन प्रसाद, रामगोपाल कटारिया,राजेश लोधी, आसिफ खां, शहज़ाद एडवोकेट। मुतिउर रहमान खां बबलू सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


