कांग्रेस जिलाध्यक्ष-नगर अध्यक्ष के लिए 20 दावेदार
कांग्रेस संगठन में नए जिलाध्यक्ष और नगर अध्यक्ष के चयन के लिए कवायद तेज हो गई है। विकास उपाध्याय ने पार्टी के नेताओं और सामाजिक संगठनों से फीडबैक जुटाया है। लगभग 20 दावेदार सामने आए हैं और उनकी चयन प्रक्रिया के लिए स्थानीय कार्यकर्ताओं की राय महत्वपूर्ण होगी। चयन की रिपोर्ट कांग्रेस हाईकमान को भेजी जाएगी।

कन्नौज, संवाददाता। कांग्रेस संगठन में नए जिलाध्यक्ष और नगर अध्यक्ष के चयन को लेकर कवायद तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ के रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने एक सप्ताह के कन्नौज प्रवास के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की जमीनी स्थिति का फीडबैक जुटाया। सोमवार को शहर के एक होटल में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि दोनों पदों के लिए करीब 20 दावेदार सामने आए हैं। विकास उपाध्याय ने बताया कि अध्यक्ष पद के दावेदारों की स्थिति जानने के लिए केवल पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से ही राय नहीं ली गई, बल्कि स्थानीय वकीलों, व्यापारियों, किसानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों से भी बातचीत की गई।
इसका उद्देश्य ऐसे नामों की पहचान करना है, जो संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में प्रभावी भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के प्रवास के दौरान जुटाए गए फीडबैक और दावेदारों की संगठनात्मक सक्रियता का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। रिपोर्ट कांग्रेस हाईकमान को भेजी जाएगी। इसके बाद पार्टी नेतृत्व की मंजूरी मिलने पर जिलाध्यक्ष और नगर अध्यक्ष के नामों की घोषणा की जाएगी। उन्होंने संकेत दिया कि चयन में स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की स्वीकार्यता और संगठन को मजबूत करने की क्षमता को महत्व दिया जाएगा। अध्यक्षों के चयन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं की नजर अब हाईकमान के फैसले पर टिकी है।


