खरगे के कार्यक्रम स्थल का शुद्धीकरण भेदभावपूर्ण : प्रशांत किशोर
कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ ने थाने में की लिखित शिकायत, हल्द्वानी विवादास्पद प्रकरण में एफआईआर दर्ज करने की मांग

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ अध्यक्ष प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी सभा से जुड़े एक विवादास्पद प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कोतवाली थाना प्रभारी को लिखित शिकायत की है। शिकायत में कहा गया है कि बीते 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में खरगे की जनसभा आयोजित हुई थी। जिसके बाद उसी स्थल पर कथित रूप से शुद्धीकरण यज्ञ/हवन कर गंगाजल का छिड़काव किया गया। सार्वजनिक रूप से उपलब्ध समाचार एवं वीडियो सामग्री के अनुसार यह आयोजन श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास से जुड़े लोगों द्वारा कराया गया बताया जाता है। यह घटना इसलिए गंभीर है, क्योंकि खड़गे देश के प्रमुख राजनीतिक दल के अध्यक्ष होने के साथ ही अनुसूचित जाति समुदाय से आते हैं। उनके कार्यक्रम के तत्काल बाद उसी स्थान को शुद्ध किया जाना जातिगत मानसिकता को दर्शाता है।
संविधान में निहित समानता के सिद्धांत का उल्लंघन
अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि संबंधित घटना से झारखंड सहित देशभर के अनुसूचित जाति समाज के सदस्य खुद को अपमानित और आहत महसूस कर रहे हैं। प्रशांत किशोर ने इसे संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 17 में निहित समानता, भेदभाव-विरोध तथा अस्पृश्यता उन्मूलन के सिद्धांतों के विरुद्ध बताया है। उनका कहना है कि यदि जांच में जातिगत उद्देश्य सिद्ध होता है तो यह मामला केवल एक व्यक्ति के अपमान तक सीमित नहीं, बल्कि संविधान द्वारा समाप्त की गई अस्पृश्यता की मानसिकता के विरुद्ध गंभीर चुनौती माना जाएगा। शिकायत में पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि इस प्रकरण में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
..


