अररिया: वंदे मातरम् पर आस्था को समझे भाजपा, देशभक्ति का प्रमाणपत्र बांटना बंद करे : कांग्रेस
फारबिसगंज से रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के अररिया जिलाध्यक्ष सैफ अली खान ने वंदे मातरम पर चल रही राजनीतिक बयानबाजी की निंदा की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था पर सवाल उठाना संविधान के खिलाफ है और किसी की धार्मिक पहचान को देशभक्ति से नहीं जोड़ना चाहिए। उन्होंने भाजपा की आलोचना कर गंभीर मुद्दों पर ध्यान देने की अपील की।

फारबिसगंज से अंजनी गौतम की रिपोर्ट कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अररिया जिलाध्यक्ष सैफ अली खान ने वंदे मातरम को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि देशभक्ति के नाम पर किसी समुदाय की धार्मिक आस्था पर सवाल उठाना संविधान की भावना के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि मुसलमान भारत को अपनी मातृभूमि और जन्मभूमि मानते हैं तथा देश से प्रेम करते हैं, लेकिन धार्मिक उपासना से जुड़े भावों को स्वीकार करना उनकी व्यक्तिगत आस्था का विषय है। इसे देशभक्ति की कमी से जोड़ना उचित नहीं है। सैफ अली खान ने कहा कि वंदे मातरम् का स्वतंत्रता आंदोलन में ऐतिहासिक योगदान सम्मान योग्य है, लेकिन इसके नाम पर किसी नागरिक की धार्मिक आस्था पर दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देशभक्ति का प्रमाणपत्र बांटना बंद कर पहले संविधान की भावना को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के भविष्य जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा के बजाय धर्म और नारों को लेकर विवाद खड़ा करना जनता का ध्यान भटकाने की राजनीति है। भारत की ताकत उसकी विविधता और आपसी सम्मान में है। किसी व्यक्ति की धार्मिक आस्था उसे कम भारतीय नहीं बनाती।


