संविधान बचाओ, वोट बचाओ पखवाड़े में नुक्कड़ सभा, पदयात्रा और जनसंवाद करेगी कांग्रेस
जिला कांग्रेस कमेटी ने 'संविधान बचाओ, वोट बचाओ' पखवाड़ा शुरू किया है। यह पखवाड़ा महात्मा गांधी जयंती से आरंभ किया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाता सूची की जांच, आवश्यक दस्तावेजों, और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी देंगे। इस दौरान नुक्कड़ सभाएं और पदयात्राएं भी आयोजित की जाएंगी।

मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम सुरक्षित रखने और एसआईआर को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी ने ‘संविधान बचाओ, वोट बचाओ’ पखवाड़ा शुरू किया है। महात्मा गांधी जयंती से शुरू हुए पखवाड़े के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और वार्डों में पहुंचकर मतदाता सूची की जांच, आवश्यक दस्तावेजों और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी देंगे। अभियान के तहत नुक्कड़ सभाएं, पदयात्राएं, बैठकें और जनसंवाद भी आयोजित किए जाएंगे। शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय किशोर ने प्रेस वार्ता कर पखवाड़े के कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और मताधिकार की गारंटी देता है।
लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है। कहा कि एसआईआर को लेकर मतदाताओं के बीच कई सवाल और चिंताएं हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम जांचने, जरूरी दस्तावेजों और निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी लेने तथा किसी तरह की समस्या होने पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष आपत्ति दर्ज कराने के लिए जागरूक करेंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है। प्रत्येक नागरिक के मत की सुरक्षा और उसकी आवाज का सम्मान भी लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पखवाड़े के दौरान कांग्रेस संविधान और मतदाता अधिकारों को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाएगी। प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव शम्मी प्रकाश, हरबर्टपुर नगर अध्यक्ष आशीष पुंडीर, शिक्षक नेता अतुल शर्मा, यूथ कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष अमित रमोला, ईलम चंद मुल्तानी और जिला सचिव असद खान मौजूद रहे।


