एमएमडीआर संशोधन और राम मंदिर चंदा घोटाले के विरोध में कांग्रेस का अभियान तेज
बोकारो, प्रतिनिधि। कांग्रेस ने एमएमडीआर संशोधन विधेयक और राम मंदिर निर्माण के नाम पर कथित चंदा घोटाले के खिलाफ देशव्यापी अभियान शुरू किया है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता ने बोकारो में केंद्र सरकार और भाजपा पर आरोप लगाए हैं। झारखंड में खनिज संसाधनों के दुरुपयोग को लेकर विरोध प्रदर्शन की योजना बन रही है।

बोकारो, प्रतिनिधि। खान और खनिज विकास एवं विनियमन (एमएमडीआर) संशोधन विधेयक तथा राम मंदिर निर्माण के नाम पर कथित चंदा घोटाले के विरोध में कांग्रेस द्वारा देशव्यापी चरणबद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
कांग्रेस का तीखा हमला
इसी क्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता ने बोकारो में प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। डॉ. गुप्ता ने कहा कि एमएमडीआर संशोधन विधेयक केवल एक कानूनी बदलाव नहीं, बल्कि झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध राज्यों के संसाधनों को चुनिंदा कॉर्पोरेट घरानों के हाथों में सौंपने की साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपने कॉर्पोरेट मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए राज्यों के संवैधानिक और आर्थिक अधिकारों को कमजोर कर रही है। झारखंड देश के लगभग 40 प्रतिशत खनिज संसाधनों का भंडार रखता है, ऐसे में इस कानून का सबसे अधिक प्रतिकूल प्रभाव राज्य पर पड़ेगा।
सफलता के लिए जनजागरूकता
जिला कांग्रेस अध्यक्ष जवाहर लाल महथा ने बताया कि 7 सितंबर को रांची में प्रस्तावित महाधरना कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिलेभर में जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रांची पहुंचकर विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। प्रेस वार्ता में शमशेर आलम, प्रेम रॉय, देवाशीष मंडल, जमील अख्तर, असीम शर्मा और बदरे आलम समेत कई नेता उपस्थित थे।

