जिले में चल रहा प्रियंका गांधी का बनाया संगठन मॉडल
रायबरेली में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा 'संवाद कार्यक्रम' आयोजित किया गया। सांसद केएल शर्मा ने संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीतियों पर बात की। अवध जोन के प्रभारी अब्दुल हन्नान ने कांग्रेस संगठन की विविधता की पहचान की और बीजेपी पर निशाना साधा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने की।

रायबरेली संवाददाता। जिला व शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से “संवाद कार्यक्रम” कर आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद अमेठी केएल शर्मा व विशिष्ठ अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व प्रभारी अवध जोन अब्दुल हन्नान रहे। गुरुवार को एक स्थानीय होटल में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सांसद अमेठी केएल शर्मा ने कहा कि जनपद में मौजूदा मॉडल संगठन को 2004 में सांसद प्रियंका गांधी ने शुरू किया था और आज भी वही मॉडल चला आ रहा है। उन्होंने कहा कि यहां का संगठन मजबूत संगठन है। वरिष्ठ कांग्रेसजन, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, अवध जोन के प्रभारी अब्दुल हन्नान से मिलकर संगठन सृजन पर खुलकर चर्चा कर सकते है।
विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन का अंतिम निर्णय हाई कमान को करना है और हम सबको उस निर्णय का सम्मान करते हुए सभी विधानसभाओं में कांग्रेस का विधायक बनाना होगा और यही सांसद राहुल गांधी की सबसे बड़ी ताकत होगी। अवध जोन के प्रभारी अब्दुल हन्नान ने कहा कि रायबरेली कांग्रेस का संगठन एक गुलिस्ता की तरह है, जिसमें हर तरह के फूलों को जगह मिली है। यह खुशनसीबी है कि इसका नेतृत्व गांधी परिवार करता है। इसी वजह से आप लोगों की जिम्मेदारी भी बड़ी हो जाती है। यहां संगठन हर लिहाज से देश का सबसे मजबूत कांग्रेस का संगठन है। उन्होंने बीजेपी और आरएसएस पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि लगभग एक हजार वर्ष पहले महमूद गजनवी ने मंदिरों को लूटा था आज वैसी ही लूट एक हजार वर्षो बाद दोबारा अयोध्या के श्रीराम मंदिर में हुई है। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने की। बैठक में ब्लाक अध्यक्ष, प्रभारी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


