पंजाब कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं : बघेल
कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने पार्टी में गुटबाजी के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि मीडिया इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहा है। बघेल ने चन्नी सहित वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर एकजुटता पर जोर दिया और बताया कि पार्टी चुनावी तैयारियों में जुटी हुई है।

बोले- मीडिया और कुछ लोग इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे फतेहगढ़ साहिब, एजेंसी। कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने पार्टी की प्रदेश इकाई में किसी तरह की गुटबाजी को पूरी तरह से खारिज किया है। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि मीडिया और कुछ लोग इस मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं, जबकि पार्टी के सभी नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में मिलकर काम कर रहे हैं।पत्रकारों से बात करते हुए बघेल ने कहा कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंप दी है। उन्होंने कहा कि चन्नी की कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ हुई बैठक से भी यह स्पष्ट हो गया है कि राज्य का पूरा नेतृत्व एकजुट रहेगा।
चन्नी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की ओर से बरनाला और फरीदकोट में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करने संबंधी सवाल पर बघेल ने कहा कि दोनों वरिष्ठ नेता हैं और जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज में घायल हुए लोगों के समर्थन के मुद्दे पर दोनों एकजुट हैं। वहीं, चन्नी के भाई और बस्सी पठाना के डॉ. मनोहर सिंह से जुड़े विवाद पर बघेल ने कहा कि कांग्रेस के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले नेताओं को पार्टी के कार्यक्रमों में आमंत्रित नहीं किया जाएगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव निर्धारित समय से पहले कराने की अटकलों में कुछ दम जरूर है।


