राहुल गांधी पर मुकदमा दर्ज करना गैरकानूनी : गोदियाल
फोटो-हल्द्वानी मामले में दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं

देहरादून, प्रमुख संवाददाता। हल्द्वानी मामले में दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर कोतवाली का घेराव किया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर मुकदमा दर्ज करना गैरकानूनी है। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी मामले में दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, सह प्रभारी मनोज यादव के नेतृत्व में कांग्रेसी पदाधिकारी व कार्यकर्ता भारी संख्या में शहर कोतवाली पहुंचे और भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर शहर कोतवाल कैलाश भट्ट को सौंपी।
अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि हल्द्वानी में कथित शुद्धीकरण के बाद कांग्रेस ने दोषियों पर कार्रवाई के लिए तहरीर दी थी लेकिन सरकार ने कार्रवाई नहीं की। आरोप लगाया कि कांग्रेस के प्रार्थन पत्र को साइड में कर दिया गया जो सही नहीं है। कहा कि एक व्यक्ति से शिकायत कराकर राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा कराया जाना गैरकानूनी है। कांग्रेस की ओर से इस मामले में पहले दी गई पत्र पर कार्रवाई हो। कांग्रेस महामंत्री राजेंद्र शाह ने कहा कि एसएसपी देहरादून को भी कॉपी भेजी जाएगी। वहीं, कांग्रेस कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली, प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, पूर्वविधायक राजकुमार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गढ़ी कैंट थाना एवं राजपुर थाने में तहरीर दी। उधर, कांग्रेस महिला की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने डालनवाला कोतवाली में तहरीर दी।वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव थापर ने कहा कि इस मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 सहित अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत तत्काल मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।


