जनभवन घेरने निकली कांग्रेस, झड़प में ओबीसी विभाग के यूपी अध्यक्ष चोटिल
कांग्रेस ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जातिगत जनगणना में ओबीसी कॉलम जोड़ने की मांग को लेकर जनभवन घेरने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान झड़प में प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव घायल हुए। कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डन ले जाया गया, जहां से उन्हें बाद में रिहा किया गया।

जातिगत जनगणना में ओबीसी कॉलम जोड़ने की मांग लेकर जनभवन (पूर्व में राजभवन) घेरने निकले कांग्रेस ओबीस मोर्चा के कार्यकर्ताओं को बीच रास्ते में ही पुलिस ने बैरीकेड लगाकर रोक लिया। इस दौरान पुलिस के साथ हुई झड़प में यूपी कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव चोटिल भी हो गए। बाद में पुलिस सभी आंदोलनरत कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डन लेकर गई, जहां से देर शाम उन्हें रिहा कर दिया गया। यूपी कांग्रेस के ओबीसी विभाग ने जनगणना में ओबीसी कॉलम जोड़ने के अलावा एससी-एसटी एक्ट की तर्ज पर ओबीसी एक्ट बनाने की भी मांग रखी है।
इन्हीं मांगों के लिए जनभवन के घेराव का कार्यक्रम था। कांग्रेस कार्यकर्ता जैसे ही प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से आगे निकले, सभी को बैरीकेड लगाकर रोक लिया गया। मनोज यादव ने कहा कि आरएसएस और भाजपा अपने जन्म के उद्देश्य से ही ओबीसी विरोधी हैं। लोकसभा-2024 में हार के डर से ओबीसी की गिनती करने का वादा करने के बाद अब भाजपा अपनी बात से मुकर गई है। उन्होंने कहा कि जनभवन का घेराव करने जाते कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने से यह संघर्ष रुकेगा नहीं बल्कि आने वाले दिनों में और तेज होगा।कांग्रेस के ओबीसी विभाग राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हीरा ठाकुर ने कहा कि अगर जनगणना में ओबीसी की जातियों का कॉलम नहीं होगा तो उनकी संख्या और सामाजिक स्थिति का सही आकलन नहीं किया जा सकेगा। यूपी कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र निषाद ने कहा कि ओबीसी वर्ग को एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से बेदखल करना होगा। इसके बाद ही पिछड़ों को उनका हक मिलेगा। विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से कैलाश चौहान, संकल्प पटेल, डॉ. राजकुमार मौर्या, मोहसिन सलीम, बीएल वर्मा, राहुल राय प्रजापति, सुरेंद्र कुशवाहा, शंकर यादव, राजेश्वरी पटेल, मंजू मौर्य, राम गणेश प्रजापति, अजीत वर्मा आदि उपस्थित रहे।

