‘नाराज फूफा’ वाले बयान पर कांग्रेस ने केंद्र को घेरा
अपडेट नोट--सुप्रिया सूले और आप का बयान जोड़ा गया है नई दिल्ली, एजेंसी।

नई दिल्ली, एजेंसी। दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉर्मस में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दिए गए ‘नाराज फूफा’ वाले बयान पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने कहा कि केंद्र सरकार की नाकामियों को छिपाने के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री शनिवार को एसआरसीसी गए थे। यह देश के युवाओं, शिक्षा और उनके भविष्य पर बातचीत का एक मौका था। लेकिन, यह सब नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि विपक्ष को हर साल नया नाम दिया जाता है। नाम बदलते रहते हैं, लेकिन केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियां नहीं बदलती हैं।
केंद्र सरकार के दृष्टिकोण की कमी
कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि केंद्र सरकार के पास युवाओं के सामने पेश करने के लिए कोई विजन या प्रेरणादायक संदेश नहीं है। युवा बेरोजगारी, शिक्षा के गिरते स्तर सहित अन्य समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। आम आदमी पार्टी ने भी नाराज फूफा वाले बयान पर भाजपा पर निशाना साधा।
डेमोक्रेसी में आलोचना का अधिकार
प्रधानमंत्री को भी आलोचना करने का अधिकार है : सुले
एनसीपी (एसपी) नेता सुप्रिया सुले ने रविवार को कहा कि लोकतंत्र में बोलने के अधिकार के साथ-साथ सुनने की क्षमता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जैसे हमारे पास बोलने की शक्ति है, वैसे ही एक मजबूत लोकतंत्र में हमारे पास सुनने की क्षमता भी होनी चाहिए। उन्हें (प्रधानमंत्री) हमारी आलोचना करने का अधिकार है। जैसे हम उनकी नीतियों के बारे में बात करते हैं, वैसे ही उन्हें भी बोलने का अधिकार है। लोकतंत्र में अगर किसी के पास बोलने की शक्ति है, तो उसके पास सुनने की क्षमता भी होनी चाहिए।


