ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशकांग्रेस में लीडरशिप पर घमासान, पर राहुल को चुनौती मिलने की संभावना कम

कांग्रेस में लीडरशिप पर घमासान, पर राहुल को चुनौती मिलने की संभावना कम

कांग्रेस में घमासान जारी है। बिहार विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद पार्टी के अंदर बयानबाजी जारी है। असंतुष्ट समूह में शामिल नेता जहां इस हार के लिए नेतृत्व पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं गांधी...

कांग्रेस में लीडरशिप पर घमासान, पर राहुल को चुनौती मिलने की संभावना कम
सुहेल हामिद,नई दिल्लीMon, 23 Nov 2020 01:20 AM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस में घमासान जारी है। बिहार विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद पार्टी के अंदर बयानबाजी जारी है। असंतुष्ट समूह में शामिल नेता जहां इस हार के लिए नेतृत्व पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं गांधी परिवार पर भरोसा करने वाले नेता पलटवार कर रहे हैं। इस लड़ाई में यह बहस तेज है कि क्या पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव में कोई संभावित उम्मीदवार राहुल गांधी को चुनौती दे सकता है। पार्टी के कई असंतुष्ट नेता भी मानते हैं कि इसकी संभावना बहुत कम है। पार्टी लगातार राहुल गांधी से यह अपील करती रही है कि वह एक बार कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालें।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि हमें उम्मीद है कि राहुल गांधी पार्टी अध्यक्ष बनेंगे, पर इस बारे में अंतिम फैसला वह खुद लेंगे। इन नेताओं की राय है कि कांग्रेस के पास अध्यक्ष पद के लिए मौजूदा हालात में राहुल गांधी के अलावा कोई और विकल्प नहीं है। ऐसे में वह कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझते हुए पार्टी अध्यक्ष बनने के लिए अपनी रजामंदी दे देंगे।

कांग्रेस में जिस तरह असंतुष्ट नेता आवाज उठा रहे हैं, उससे यह संदेश जा रहा है कि आतंरिक चुनाव में राहुल गांधी की मुश्किल बढ़ सकती हैं। पर, पार्टी नेता ऐसा नहीं मानते हैं। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि राहुल गांधी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करते हैं, तो किसी और उम्मीदवार की संभावना नहीं है। पार्टी के असंतुष्ट नेताओं में शामिल रहे एक नेता ने कहा कि राहुल गांधी अध्यक्ष बनते हैं, तो किसी को कोई आपत्ति नहीं है।  पार्टी के असंतुष्ट नेताओं में शामिल एक नेता ने कहा कि हम पूर्णकालिक अध्यक्ष की बात कर रहे हैं। राहुल गांधी अगर अध्यक्ष बनना चाहते हैं, तो इस पर विचार करेंगे।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने नुमाइंदे के तौर पर किसी और को अध्यक्ष बनाते हैं, तो तस्वीर बदल जाएगी। ऐसी स्थिति में विकल्प सभी के लिए खुला होगा। फॉर स्टडी ऑफ डेवलपिंग सोसाइटीज (सीएसडीएस) के निदेशक डॉ. संजय कुमार कहते हैं कि अगर राहुल गांधी चुनाव लड़़ते हैं, तो इसकी उम्मीद कम है कि उनके कोई और व्यक्ति चुनाव लड़े। क्योंकि, यह कांग्रेस की संस्कृति नहीं है। ऐसे में पार्टी को आंतरिक चुनाव में कोई मुश्किल नहीं आएगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें