‘हनुमान अंश’ के टैक्स फ्री नहीं होने पर जताई चिंता
अखिल भारतीय सनातन संगठन के डॉ. राजे नेगी ने उत्तराखंड में फिल्म 'हनुमान अंश' को अब तक टैक्स फ्री न करने पर चिंता व्यक्त की। मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद आदेश नहीं जारी होने से श्रद्धालुओं और फिल्म प्रेमियों में निराशा है। उन्होंने राज्य सरकार से जल्द टैक्स फ्री घोषित करने की अपील की।

अखिल भारतीय सनातन संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. राजे नेगी ने आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायक फीचर फिल्म हनुमान अंश को उत्तराखंड में अब तक टैक्स फ्री न किए जाने पर चिंता व्यक्त की है। कहा कि सीएम की घोषणा के बावजूद अभी तक औपचारिक शासनादेश जारी नहीं होने से श्रद्धालुओं, फिल्म प्रेमियों एवं सनातन समाज में निराशा का वातावरण है। डॉ. राजे नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा फिल्म “हनुमान अंश” को टैक्स फ्री किए जाने की घोषणा की गई थी। बावजूद इसके अभी तक इसे टैक्स फ्री नहीं किया गया है। जो चिंतनीय है। कहा कि “हनुमान अंश” केवल एक मनोरंजन फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों तथा बाबा नीम करौली महाराज की प्रेरणादायी शिक्षाओं पर आधारित एक आध्यात्मिक संदेश देने वाली फिल्म है।
ऐसी फिल्मों को प्रोत्साहन मिलना राज्य की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार से आग्रह किया कि मुख्यमंत्री की घोषणा को शीघ्र अमल में लाते हुए फिल्म को तत्काल टैक्स फ्री घोषित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक परिवार इस प्रेरणादायक फिल्म का लाभ उठा सकें। उन्होंने बाबा नीम करौली महाराज की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।


