पीडीएस दुकानदारों ने समस्याओं से कराया अवगत
चक्रधरपुर में पीडीएस दुकानदारों ने भाजपा नेता गुरुचरण नायक से मिलकर अपने मुद्दों को साझा किया। उन्होंने प्रखंड के एमओ पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। दुकानदारों ने बताया कि शिकायत करने पर उन्हें जांच का डर भी बढ़ रहा है। पूर्व विधायक ने समस्या के बारे में उच्च अधिकारियों को सूचित करने का आश्वासन दिया।

चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा और गुदड़ी प्रखंड के पीडीएस दुकानदारों ने पूर्व विधायक सह भाजपा संगठनिक जिला चक्रधरपुर के अध्यक्ष गुरुचरण नायक से शनिवार को मुलाकात की और अपनी समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही दुकानदारों ने प्रखंड के एमओ पर रिश्वत मांगने की भी बात कही। साथ ही बताया रिश्वत देने में आना-कानी करने पर ऑडिट और जांच करने की चेतावनी दी जा रही है, इससे पीडीएस दुकानदार काफी डरे हुये महसूस कर रहे हैं। पूर्व विधायक ने समस्या सुनने के बाद कहा कि यह काफी चिंता की बात है। इस संबंध में विभाग की वरीय अधिकारियों को शिकायत की जायेगी।
इसके बाद भी एमओ की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आगामी दिनों में लोकतांत्रित तरीके से आंदोलन किया जायेगा। वहीं मौके पर मौजूद पार्टी के सोनुवा प्रखंड अध्यक्ष निशांत महतो ने भी एमओ पर जनप्रतिनिधियों के साथ भी दुर्व्यवाहर करने की बात कही।


